
congress agitation
अजमेर
शहर की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेसियोंं ने अजमेर के दोनों मंत्री विधायकों के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसियों ने मटके फोड़े व नारेबाजी कर विरोश जताया। कांग्रेसी सुबह धोलभाटा स्थित महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री अनिता भदेल के घर पहुंचे।
यहां कांग्रेस पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। इसी तरह कांग्रेसी शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी के घर पहुंचे। यहां मटके फोड़ कर प्रदर्शन किया।प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव महेन्द्र सिंह रलावता ने कहा कि सरकार झूठे वादे कर सत्ता में आई और आज जनता को मूलभूत बिजली पानी जैसी सुविधा भी लोगों को नहीं दे सकी है। उन्होंने कहा किआने वाले चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखा देगी। इससे पूर्व काली माता मंदिर से कांग्रेसी कार्यकर्ता जुलूस के शक्ल में देवनानी के आवास पर पहुंचे और यहां प्रदर्शन किया।
नहीं पिएंगे ये पानी
प्रदर्शन के दौरान मंत्री अनिता भदेल ने कांग्रेसियों को जग में पानी लेकर पिलाना चाहा। इस पर कांग्रेस की महिला और पुरुष नेताओं ने साफ इन्कार कर दिया। कांग्रेसियों ने कहा कि मैडम भाजपा को जनता सबक सिखाने को तैयार है। आप हमें नहीं जनता को नियमित जल वितरण की तैयारी कीजिए। वरना जनता कुछ भी कर सकती है।
नियमित नहीं हो रही सप्लाई
अजमेर में पिछले एक महीने से नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही। कहीं 48 तो कहीं 72 घंटे के अन्तराल में पानी सप्लाई हो रही है। इससे पूरे शहर में पानी की किल्लत बन गई है। लोग हैडपम्प या कुओं पर बर्तन लेकर पहुंच रहे हैं। ऐसा तब है, जबकि बीसलपुर बांध में पर्याप्त पानी है। पिछले साल हुई बरसात में इसका गेज करीब 314 आर. एल. मीटर तक पहुंच गया था। इसके बावजूद जलदाय विभाग जनता को पानी के लिए तरसा रहा है।
लाइन में लीकेज भी खूब
बीसलपुर की मुख्य लाइन और घरों तक पहुंचने वाली सर्विस लाइन में लीकेज बहुत हैं। कही जगह पानी व्यर्थ बहता रहता है। जलदाय लाख दावों के बावजूद लीकेज सुधार नहीं पाया है। यही वजह है, कि साल भर तक कई गैलन पानी बेकार हो जाता है। कई बार मुख्य लाइन टूटने से भी लाखों गैलन पानी एक साथ बह जाता है।
Published on:
06 Jun 2018 10:12 am
