
water in bisalpur dam
हिमांशु धवल
अजमेर. अजमेर जिले की लाइफ लाइन बीसलपुर परियोजना में पानी पर्याप्त मात्रा में है, इसके बावजूद जिले में पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। इसका मुख्य कारण मौजूदा आधारभूत ढांचा पानी की पम्पिंग को बढ़ाने के लिए पर्याप्त नहीं है। अजमेर शहर की जनसंख्या के अनुसार 2021 तक के लिए पर्याप्त बताया जाता है, इसके बावजूद आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अजमेर जिले में बीसलपुर बांध से जलापूर्ति होती है। जलदाय विभाग शहर में 48 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 72 घंटों में पानी की सप्लाई का दावा करता है। शहरी क्षेत्र में अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच पाता है, यही स्थिति ग्रामीण क्षेत्रों की है। जलदाय विभाग के अनुसार बीसलपुर में सितम्बर 2021 के लिए पर्याप्त पानी है। अजमेर जिले में पानी की आपूर्ति बढ़ाने के लिए बीसलपुर में निर्धारित कोटा है उसे बढ़ाना होगा। साथ ही आधारभूत ढांचा में बदलाव करने पर ही बीसलपुर से अजमेर तक पहुंचने वाले पानी और जिले में पानी की सप्लाई को और बढ़ाया जा सकता है। वर्तमान में पूरी क्षमता से पानी को पंप किया जा रहा है। भाजपा राज में 24 घंटे में अजमेर में जलापूर्ति के लिए योजना बनाई गई थी, लेकिन वह भी ठंडे बस्ते में चली गई।
फैक्ट फाइल
- 315 आरएलमीटर बीसलपुर बांध की भराव क्षमता
- 313.38 आरएलमीटर वर्तमान में बांध में पानी
- 131 किलोमीटर अजमेर-बीसलपुर बांध की दूरी
- 5 टीएमसी बीसलपुर में आरक्षित अजमेर के लिए
यह भी एक कारण
शहर में बूस्टरों की भरमार के चलते भी अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच पाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में पाइप लाइनों में अवैध कनेक्शनों के कारण गांवों में बनी पानी की टंकी तक पानी नहीं पहुंच पाता है। हालांकि जलदाय विभाग की ओर से इसके लिए बूस्टरों को पकडऩे और अवैध कनेक्शनों को हटाने की नियमित रूप से कार्रवाई जारी है।
इनका कहना है...
बीसलपुर में पर्याप्त मात्रा में पानी है। अजमेर जिले में डिमांड से ज्यादा सप्लाई दी जा रही है। यहां पर 109 मिलियन लीटर के स्थान पर 118-120 एमएल पानी की सप्लाई दी जा रही है। अवैध बूस्टर और अवैध कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।
- सी.एल.जाटव, एसई जलदाय विभाग
Published on:
31 May 2020 04:25 pm
