
Demo Picture
अजमेर/पत्रिका। सीआरपीएफ पुलिया के नीचे रविवार देर रात एक युवक का शव मिला। पुलिस की जांच में पता चला कि 5 युवकों को भोपाल जाना था, लेकिन गलत ट्रेन में चढ़ गए। सीआरपीएफ पुलिया के निकट पांचों ने चलती ट्रेन में उतरने का प्रयास किया। इसी दौरान एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त भोपाल के बरसिला काली पीतल निवासी राकेश महर (21) के रूप में हुई है।
राकेश चार दोस्तों के साथ भोपाल से खाटूश्याम आया था। राकेश व उसके दोस्त 12 अगस्त को श्याम दरबार में दर्शन कर 13 अगस्त को पुष्कर आ गए। उन्हें पुष्कर और अजमेर घूमने के बाद चित्तौड़गढ़ जाना था। रात को स्टेशन पहुंचे तो देर हो गई। जल्दबाजी में ट्रेन का टिकट लिया। उनकी ट्रेन प्लेटफार्म नम्बर 2 पर थी, लेकिन जल्दबाजी में प्लेटफार्म नम्बर एक पर खड़ी दिल्ली की ट्रेन में चढ़ गए। ट्रेन रवाना हुई तो उन्हें गलत ट्रेन में चढ़ने का आभास हुआ। सीआरपीएफ ब्रिज के पास रफ्तार कम हुई तो सभी ने उतरने का निर्णय किया। ट्रेन से उतरने के दौरान राकेश ट्रेन की चपेट में आ गया। राकेश ने इसी साल बी.कॉम किया था।
Published on:
15 Aug 2023 12:52 pm
