
अलीगढ़। गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने फसल ऋण मोचन योजना के तहत किसानों को नुमाइश मैदान में लाभान्वित किया। साढ़े छह हजार किसानों का प्रथम चरण में ऋण माफ किया गया, करीब 52 करोड़ रुपए की राहत किसानों को दी गई इस मौके पर मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि जिले में 28 हजार किसानों का चयन किया गया है। साढ़े छह हजार किसानों को प्रथम चरण में ऋण मोचन के तहत प्रमाण पत्र बांटे गये। गन्ना मंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश में 86 लाख किसान लाभान्वित होगें और इसके लिए 38 हजार रुपए का बजट रखा गया है।
किसानों की आय होगी दोगुनी
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद ऐसी पहली योजना है कि एकल निवेश रखा गया है। गन्ना मंत्री ने कहा कि चरण बद्ध तरीके से सभी किसानों को प्रमाण पत्र प्राप्त हो जाएगा। किसानों की आय दुगनी करने पर उन्होंने कहा कि प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी प्रयास कर रहे हैं, सन् 2022 तक किसानों की आय दुगनी करने का फार्मूला तैयार किया जा रहा है। वहीं उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने संकल्प लिया है कि 2022 से पहले ही किसानों की आय दुगनी करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसा फार्मूला बनाया जा रहा है कि किसानों की लागत कम हो और पैदावार बढ़े। तकनीकी व वैज्ञानिक कृषि के बारे में किसानों को जानकारी दी जा रही है।
सपा सरकार पर निशाना
वहीं बंगलौर में पत्रकार की हत्या पर कहा कि सरकार संवेदनशील है, कुछ लोग आरोप लगा रहे हैं, यह उनका स्वभाव है।मोदी सरकार के काम की वजह से राजनीतिक वैक्यूम आ गया है। राजनीति में फेल होने पर हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। गन्ना मंत्री ने कहा कि पूर्व की सरकार से ही सवा लाख किलोमीटर सड़क पर गड्ढे मिले थे, योगी सरकार ने 86 हजार किमी सड़कों पर गड्ढे भरने का काम किया है। बरसात के बाद नवम्बर तक सड़कों पर गड्ढा नहीं दिखेगा। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ में 60 करोड़ रुपए गन्ना किसानों के खाते में पहुंचाए गये हैं। सुरेश राणा ने पूर्व की सपा सरकार पर भी प्रहार करते हुए कहा कि विकास का पहिया प्रदेश में धूमा, साइकिल का पहिया खूब घूमा, लेकिन स्टैंड पर खड़ी साइकिल पर ही विकास की पहिया घूमता रहा। सुरेश राणा ने कहा कि पूर्व की अखिलेश सरकार को किसानों की चिंता नहीं थी, उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को पूरा कर रहे हैं।
Published on:
08 Sept 2017 09:37 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
