
अलीगढ़ जिले में एक महिला की डेड बॉडी से पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर और फार्मासिस्ट द्वारा छेड़छाड़ करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी नीरज त्यागी ने जांच करने के आदेश दिए थे। जिसके बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट से छेड़छाड़ के आरोपी फार्मासिस्ट केपी शर्मा को एडी हेल्थ की संस्तुति पर सीएमओ ने निलंबित कर दिया है। प्रकरण की जांच कर रहे डिप्टी सीएमओ डाॅ. खानचंद ने संबंधित पक्षों के बयान व अन्य सभी रिपोर्ट एडी हेल्थ को भेज दी है। जबकि डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को रिपोर्ट भेज दी है।
दरअसल, अलीगढ़ के थाना हरदुआगंज इलाके की राॅयल होम्स कॉलोनी निवासी एक गर्भवती महिला की 14 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। महिला की मौत के बाद उसके पति और ससुरालजनों ने खुदकुशी करने की बात कही थी। उधर, बेटी की मौत की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मृतक बेटी की ससुराल पहुंच गए थे। उन्होंने पति और ससुरालियों पर बेटी की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया था। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला का शव 14 मई को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। इसके बाद मृतका के मायके वालों की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
रिपोर्ट ओवर राइटिंग करके बदली गई
वहीं, पोस्टमार्टम हाउस पर तैनात डॉ. कुमार सौरभ और डॉ. प्रवीण रंजन ने पोस्टमार्टम किया था। दोनों डॉक्टरों ने महिला की रिपोर्ट पोस्टमार्टम हाउस पर तैनात फार्मासिस्ट केपी शर्मा को सौंप दी थी। इसके सप्ताह भर बाद महिला के शव का पोस्टमार्टम करने वाले डॉ. कुमार सौरभ ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छेड़छाड़ करने की शिकायत एडी हेल्थ से की। डॉ. सौरभ ने कहा कि महिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ओवर राइटिंग करके बदली गई है। इसके बाद एडी हेल्थ में स्वास्थ्य विभाग सहित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के विशेष पैनल से पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई छेड़छाड़ की जांच कराई गई।
एडी हेल्थ ने डॉक्टर समेत फार्मासिस्ट के खिलाफ निलंबित करने की संस्तुति की
आरोप सही पाए जाने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी नीरज त्यागी ने आरोपी डॉक्टर सहित फार्मासिस्ट के बयान दर्ज कर भेजने के निर्देश दिए। जांच अधिकारी एसीएमओ डॉ. खानचंद ने रिपोर्ट बदलने वाले लोगों पर बयान लिए। हालांकि उसके एक सप्ताह तक दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब एडी हेल्थ ने जांच रिपोर्ट तलब करते हुए डॉक्टर समेत फार्मासिस्ट के खिलाफ निलंबित करने की संस्तुति की है।
Published on:
5 Jun 2022, 11:11 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.