
24 घंटे के अंदर एक ही परिवार में तीन लोगों की मौत
अलीगढ़। थाना टप्पल क्षेत्र स्थित गांव करनपुर में 24 घंटे के भीतर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से कोहराम मच गया। 28 वर्षीय युवक की बीमारी से मौत के बाद उसकी पत्नी ने रो-रो कर प्राण त्याग दिए। मां के आंचल के लिए रोते-रोते छह माह के बच्चे की भी मौत हो गई, इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
रोते-रोत बिगड़ी हालत
दरअसल अलीगढ़ के थाना टप्पल इलाके के करनपुर गांव निवासी ऐदल सिंह पुत्र रामवीर सिंह करीब एक वर्ष से बीमार चल रहा था, जिसकी अचानक तबियत बिगड़ी तो परिजन नजदीकी चिकित्सक के पास ले गए। उपचार के दौरान ऐदल सिंह की मौत हो गई। अपने मायके को गई पिंकी अपने पति ऐदल सिंह की मौत की खबर सुनकर ससुराल को दौड़ पड़ी और रोते-रोते घर पहुंच गई। ऐदल के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया, लेकिन अगले ही दिन पिंकी का रोते-रोते इतना बुरा हाल हो गया कि वह गश खाकर जमीन पर गिर गई, जिसे जट्टारी के अस्पताल में उपचार हेतु ले जाया गया, जहां पिंकी ने भी अपने पति की मौत के गम में प्राण त्याग दिए ।
मां अंतिम संस्कार से पहले ही बच्चे की भी मौत
पिंकी के शव का दाह संस्कार के लिए ले जाने की घर में तैयारी हो रही थी कि तभी पिंकी-ऐदल सिंह के छह माह के बेटे अंकुश की रो-रोकर जान चली गई। मां-बेटे का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। आपको बता दें ऐदल दो भाइयों में बड़ा था। सात वर्ष पूर्व ऐदल की शादी हुई थी। शादी के बाद ऐदल पर दो लड़की और एक लड़का था। दोनों बेटियां अभी माता-पिता एवं भाई की मौत से अनजान अन्य बच्चों के साथ खेल में लगी थी। ऐदल सिंह मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता था। ग्रामीणों ने प्रशासन से दो बेटियों के लिए परिवार को आर्थिक मदद की अपील की है तो वहीं घटना का संज्ञान मिलने पर स्थानीय विधायक पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और दोनों बच्चियों को शासन प्रशासन से मदद का भरोसा दिलाया है।
Published on:
2 Jun 2018, 12:46 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.