
कार्रवाई करती हुई एसीबी की टीम व आरोपी (गोले में)
भ्रष्टाचार के खिलाफ सोमवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। अलवर में सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशाषी अभियंता (XEN) कृष्ण अवतार गुप्ता को 25,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई जयपुर एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर अलवर प्रथम की टीम ने की है।
एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता के अनुसार एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके भतीजे को लक्ष्मणगढ़ रोड, स्टेट हाईवे-44 पर ग्राम बरखेड़ा में एचपीसीएल (HPCL) कंपनी का पेट्रोल पंप खोलने के लिए एलओआई (LOI) जारी हुई थी। इस पेट्रोल पंप को स्थापित करने के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग से एनओसी (NOC) लेनी जरूरी थी।
इसी एनओसी को जारी करने के नाम पर पीडब्ल्यूडी कार्यालय में तैनात अधिशासी अभियंता कृष्ण अवतार गुप्ता परिवादी को चक्कर कटवा रहे थे और बदले में 40,000 रुपये की रिश्वत की मांग कर उसे परेशान कर रहे थे।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने 1 मई को इस मांग का सत्यापन करवाया। सत्यापन के दौरान ही आरोपी इंजीनियर ने परिवादी से 10,000 रुपये एडवांस के तौर पर ले लिए और बाकी बचे 25,000 रुपये देने के लिए दबाव बनाया।
पैसे की मांग पुख्ता होने के बाद एसीबी के उप महानिरीक्षक भुवन भूषण के निर्देशन में अलवर चौकी प्रभारी शब्बीर खान की टीम ने जाल बिछाया। सोमवार को जैसे ही कृष्ण अवतार गुप्ता ने परिवादी से बकाया 25,000 रुपये लिए, पहले से तैयार खड़ी एसीबी की टीम ने उन्हें दबोच लिया। आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई है।
फिलहाल आरोपी इंजीनियर से पूछताछ की जा रही है। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है। एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी जायज काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत ब्यूरो को सूचना दें ताकि भ्रष्ट तंत्र पर लगाम लगाई जा सके। इस पूरी कार्रवाई की निगरानी एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस परिमला कर रही हैं।
Published on:
04 May 2026 04:42 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
