29 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Alwar Protest: सरकार से नाराज लोगों का ‘जीवित समाधि’ लेने का प्रयास, नेता प्रतिपक्ष जूली ने निकाला बाहर

अलवर ग्रामीण के बहादरपुर नगर पालिका क्षेत्र में भाजपा सरकार और प्रशासन से नाराज 5 ग्रामीणों ने 'जीवित समाधि' लेने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली तुरंत मौके पर पहुंचे और गड्ढे में बैठे लोगों का हाथ पकड़कर उन्हें बाहर निकाला।
2 min read
Google source verification
alwar bahadarpur

समाधि लेने की कोशिश (फोटो - पत्रिका)

राजस्थान के अलवर जिले से विरोध प्रदर्शन की एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है, जिसने पूरे प्रशासनिक महकमे में खलबली मचा दी है। अलवर ग्रामीण विधानसभा के बहादरपुर नगर पालिका क्षेत्र में स्थानीय प्रशासन और राज्य की भाजपा सरकार की नीतियों से गुस्साए पांच लोगों ने नगर पालिका कार्यालय के ठीक पास बने गड्ढे में उतर कर ‘जीवित समाधि’ लेने की कोशिश की। चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के बीच इन लोगों को गड्ढे में समाधि लेते देख वहां मौजूद आम जनता और राहगीर दंग रह गए।

मूलभूत समस्याओं की मांगे

समाधि लेने का प्रयास कर रहे इन पांचों ग्रामीणों ने अपने हाथों में विरोध प्रदर्शन की तख्तियां ले रखी थीं, जिन पर इलाके की मूलभूत समस्याओं को लेकर नारे लिखे हुए थे। ग्रामीणों की मुख्य मांगों में पानी दो', 'रामगढ़ रोड का निर्माण, बगीची कॉलोनी में पानी दो, 'मुण्डियाखेड़ा रोड ठीक करवाओ, और 'कचरे की गाड़ी समय पर चलाओ' जैसी जरूरी बातें शामिल हैं। ग्रामीणों का कहना था कि वे लंबे समय से इन समस्याओं को लेकर चक्कर काट रहे हैं, लेकिन नगर पालिका प्रशासन उनकी सुध नहीं ले रहा है।

जूली ने निकाला बाहर

जैसे ही इस घटना की भनक अलवर ग्रामीण विधायक और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली को लगी, वे तुरंत बहादरपुर पहुंचे। जूली ने मौके पर पहुंचकर तपती धूप के बीच गड्ढे में बैठे ग्रामीणों का हाथ पकड़ा और उन्हें समझा-बुझाकर सुरक्षित बाहर निकाला।

इसके बाद नेता प्रतिपक्ष ने वहीं पर बैठकर आम जनता की तमाम शिकायतों और समस्याओं को सुना। उन्होंने मौके पर ही मौजूद प्रशासनिक और नगर पालिका के अधिकारियों को जनता की समस्याओं को तुरंत दूर करने के सख्त निर्देश दिए।


सरकार पर जन विरोधी नीतियों का आरोप

इस दौरान टीकाराम जूली ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और तीखे शब्दों में कोसा। जूली ने कहा कि वर्तमान भाजपा राज में प्रदेश की जनता पानी, सड़क और सफाई जैसी बुनियादी चीजों के लिए तरस रही है और त्रस्त हो चुकी है। भजनलाल सरकार आमजन को राहत देने में हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। जूली ने मौके पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होने की अपील की और कहा कि वे सरकार की इन तमाम नाकामियों और जनविरोधी नीतियों को घर-घर जाकर जनता तक पहुंचाएं।