
फोटो पत्रिका नेटवर्क
अलवर। खेरली थाना क्षेत्र के मंगरखा गांव में शनिवार देर रात दो पक्षों के बीच चल रहा पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। यहां बाइक सवार युवकों पर दूसरे पक्ष ने एसयूवी गाड़ी चढ़ा दी, जिससे एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नाजुक हालत में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मृतक के भाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने करीब डेढ़ दर्जन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खेरली थानाधिकारी विजय कुमार चंदेल ने बताया कि घटना के पीछे पिछले कई दिनों से चल रहा आपसी विवाद सामने आया है। केसरा का बास एवं अन्य पड़ोसी गांवों के कुछ युवकों और पीड़ित पक्ष के बीच सोशल मीडिया पर विवाद चल रहा था। दोनों पक्ष एक-दूसरे का वीडियो बनाकर गाली-गलौज करने और धमकियां देने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे थे। इसी विवाद के चलते शनिवार देर रात दोनों पक्ष मंगरखा गांव में आमने-सामने हो गए।
परिजनों ने बताया कि मृतक जितेंद्र गुर्जर पुत्र उम्मेद सिंह गुर्जर, निवासी सुनगाड़ी (महाणा का बास, बांदीकुई) अपने घर से सिकंदरा (दौसा) जाने की बात कहकर निकला था। लेकिन वह बाइक पर अपने दोस्तों के साथ खेरली क्षेत्र के मंगरखा गांव पहुंच गया। मंगरखा में घात लगाकर बैठे विरोधी पक्ष ने बाइक सवार युवकों पर थार गाड़ी चढ़ा दी। सूचना मिलते ही थानाधिकारी जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को खेरली उप-जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जितेंद्र गुर्जर को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर घायल रवींद्र गुर्जर और लखन गुर्जर को तुरंत रेफर कर दिया गया। वारदात में केसरा का बास के वीरू उर्फ वीरेंद्र गुर्जर पुत्र मुखराम गुर्जर, महेश मीणा निवासी गांव गुहारिका सहित अन्य आरोपी शामिल हैं।
घटना के बाद उप-जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति को भांपते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। परिजनों के आने के बाद रविवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।
थानाधिकारी विजय कुमार चंदेल ने बताया कि मृतक के भाई भरत सिंह द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सोशल मीडिया के वीडियो, एसयूवी गाड़ी और आपसी रंजिश सहित मामले के हर पहलू पर गहनता से जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को चिह्नित कर गिरफ्तार किया जाएगा।
Published on:
28 Jun 2026 07:52 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
