
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। फोटो पत्रिका नेटवर्क
जयपुर। राजधानी के खोह नागोरियान थाना इलाके में रिश्तों को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां बून्दू विहार कॉलोनी में एक बेटे ने नशे के पैसों के लिए अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और महज 12 घंटे के भीतर हत्या का खुलासा करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
डीसीपी (ईस्ट) रंजीता शर्मा ने बताया कि शनिवार को बून्दू विहार कॉलोनी में एक 55 वर्षीय महिला की हत्या की सूचना मिली थी। मृतका की पहचान पन्नी देवी के रूप में हुई। इस संबंध में परिवादी तेजराम बैरवा ने खोह नागोरियान थाने में मामला दर्ज कराया था। खोह-नागोरियान थाना पुलिस ने दबिश देकर रविवार सुबह आरोपी बेटे अनिल बैरवा (27) निवासी जैतपुर गंगापुर सिटी को दबोच लिया। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है।
थानाधिकारी प्रकाश विश्नोई ने बताया कि मृतका का छोटा बेटा अनिल बैरवा (27) नशे का आदी है। वह नशे के पैसों के लिए आए दिन घर में विवाद करता था। शनिवार को जब उसके दो बड़े भाई और भाभी मजदूरी पर गए हुए थे, तब घर में अनिल और उसकी मां अकेले थे। अनिल ने मां पन्नी देवी से नशे के लिए रुपयों की मांग की। मां ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, जिससे आरोपी तैश में आ गया। उसने गुस्से में मां का सिर जोर से दीवार में दे मारा और फिर चाकू से चेहरे पर ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद आरोपी अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर फरार हो गया था।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा। इसके बाद फरार आरोपी अनिल की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दस्तयाब किया और मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी अनिल बैरवा को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
Updated on:
28 Jun 2026 05:37 pm
Published on:
28 Jun 2026 05:35 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
