
पत्रिका फोटो - मालाखेड़ा स्टेशन पर घायल महिला (इनसेट में)
अलवर के मालाखेड़ा रेलवे स्टेशन पर सुबह उस समय अचानक हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। यह हादसा इतना भयानक था कि ट्रेन की चपेट में आने से महिला गंभीर घायल हो गई। स्टेशन पर मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते और महिला को बचा पाते, तब तक वह लहूलुहान होकर ट्रैक पर गिर चुकी थी और तड़प रही थी। महिला को इस हालत में देख वहां मौजूद यात्रियों में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार घायल महिला की पहचान मालाखेड़ा थाना इलाके के ही बारा भड़कोल गांव की रहने वाली 40 वर्षीय विवाहिता के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि महिला सुबह बिना किसी को कुछ बताए चुपचाप घर से निकल गई थी। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी, तो घरवाले अपने स्तर पर उसकी तलाश में जुटे थे। परिजन उसे गांव और आस-पास ढूंढ ही रहे थे कि इस बीच उन्हें रेलवे स्टेशन पर हुए इस हादसे की सूचना मिली, जिसे सुनकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई।
जैसे ही महिला ट्रेन के आगे कूदी, मौके पर तेज चीख-पुकार मच गई। रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और रेलकर्मियों ने तुरंत इसकी सूचना मालाखेड़ा थाना पुलिस को दी। इसके साथ ही आपातकालीन 108 एंबुलेंस को भी कॉल किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से लहूलुहान हालत में ट्रैक पर तड़प रही महिला को तुरंत एंबुलेंस में लिटाया और अलवर के जिला अस्पताल (राजीव गांधी सामान्य अस्पताल) के लिए रवाना किया।
जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने महिला की गंभीर हालत को देखते हुए और शरीर से अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसे प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन स्थिति बिगड़ती देख डॉक्टरों ने उसे तुरंत जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जयपुर में महिला का इलाज जारी है, जहां उसकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
परिजनों का कहना है कि महिला पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से कमजोर चल रही थी और उसका मानसिक तनाव का इलाज भी चल रहा था। महिला के दो छोटे बच्चे हैं, जिनका अपनी मां की इस हालत को देखकर रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल मालाखेड़ा थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हर एंगल से मामले की बारीकी से जांच कर रही है कि आखिर महिला ने घरेलू कलह या किसी अन्य परेशानी के चलते यह खौफनाक कदम उठाया या फिर इसके पीछे कोई और बड़ी वजह थी।
Published on:
29 Jun 2026 12:48 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
