9 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अलवर: जून से दौड़ेंगी 50 इलेक्ट्रिक बसें, ₹10 से शुरू होगा किराया; देखें पूरे 9 रूट

अलवर वासियों के लिए राहत भरी खबर है। शहर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बेहतर और ईको-फ्रेंडली बनाने के लिए जून महीने से 50 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होने जा रहा है। नगर निगम ने इसके लिए 9 रूट फाइनल कर दिए हैं।

2 min read
Google source verification

representative picture (AI)

राजस्थान के शहर अलवर में जल्द ही सार्वजनिक परिवहन की सूरत बदलने वाली है। शहर में जून से 50 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होने जा रहा है। इन आधुनिक और प्रदूषण रहित बसों का न्यूनतम किराया महज 10 रुपए तय किया गया है, जिससे आम जनता को सस्ती और सुगम यात्रा की सुविधा मिलेगी।

चार्जिंग स्टेशन और बुनियादी ढांचा तैयार

नगर निगम और रूडसिको (RUDSICO) इस प्रोजेक्ट को अमलीजामा पहनाने में जुटे हैं। बसों के रख-रखाव के लिए बहाला में बस डिपो बनाया जा रहा है, जिसके लिए यूआईटी ने जमीन आवंटित की है। वर्तमान में यहाँ चार्जिंग स्टेशन का कार्य अंतिम चरण में है और इलेक्ट्रिक कंपनी अपने उपकरण स्थापित कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, मई माह तक बसें अलवर पहुंच जाएंगी, जिसके बाद ट्रायल रन किया जाएगा।

20 किमी के दायरे में होगा संचालन

शुरुआती चरण में इन बसों को शहर के 20 किलोमीटर के दायरे में चलाया जाएगा। यात्रियों की मांग और सुविधा को देखते हुए भविष्य में रूट की दूरी बढ़ाई जा सकती है। शहर में करीब 20 से अधिक स्टॉपेज चिह्नित किए गए हैं, जिनका यूआईटी की ओर से जीर्णोद्धार किया जा रहा है। पूरे प्रोजेक्ट की मॉनिटरिंग नगर निगम की ओर से की जाएगी।

इन 9 रूटों पर चलेंगी बसें

नगर निगम ने शहर के हर प्रमुख हिस्से को जोड़ने के लिए 9 रूट तय किए हैं:

  1. सूर्यनगर से हनुमान सर्किल: नमन होटल, 60 फीट रोड, बुध विहार और 200 फीट रोड होते हुए।
  2. हनुमान सर्किल से दादर: शिवाजी पार्क, जेल चौराहा, कटी घाटी और भूगोर के रास्ते।
  3. बगड़ तिराहा से प्रतापबंध: रेलवे स्टेशन, नंगली सर्किल और अशोका टॉकीज होते हुए।
  4. सूर्यनगर मोड़ से चिकानी: अग्रसेन चौराहा, तिजारा पुलिया और टेल्को सर्किल के रास्ते।
  5. सूर्यनगर से उमरैण: वैशाली नगर, ईटाराणा पुलिया और भवानी तोप होते हुए।
  6. लोहिया तिबारा से हनुमान चौराहा: एमआइए, रीको पार्क और बख्तल की चौकी के रास्ते।
  7. हनुमान सर्किल से दादर (वैकल्पिक): बिजली घर, नंगली सर्किल और मोती डूंगरी होते हुए।
  8. हनुमान सर्किल से उमरैण (काला कुआं होकर): अलकापुरी, एसएमडी और जयपुर रोड के रास्ते।
  9. सूर्यनगर से डबल फाटक: सामोला, रेलवे स्टेशन और तिजारा फाटक होते हुए।

इस नई सेवा से न केवल शहर में जाम की स्थिति कम होगी, बल्कि ऑटो और निजी वाहनों पर निर्भरता भी कम होगी।

इलेक्टि्रक बसों के संचालन की पूरी तैयारी है। जून में ये बसें शहर में दौड़ने लगेंगी। रूडसिको की ओर से चार्जिंग स्टेशन तैयार किया जा रहा है। किराया की शुरुआत 10 रुपए से करने की योजना है - सोहन सिंह नरूका, आयुक्त, नगर निगम

चार्जिंग स्टेशन का फाउंडेशन लगभग तैयार कर दिया गया है, जिस पर करीब 4 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। चार्जिंग मशीनें दूसरी कंपनी की ओर से लगाई जा रही हैं - सतीश मीणा, एक्सईएन, रूडसिको