14 अक्टूबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Alwar: शादी का कार्ड समझकर खोली APK File, बैंक खाते से उड़े ₹5.42 लाख

अलवर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। यहां मोबाइल पर शादी का कार्ड आने के बाद उसे खोलना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। कार्ड के नाम पर भेजी गई एपीके फाइल खोलते ही उसके बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 5 लाख 42 हजार रुपए निकल गए।
2 min read
Google source verification
cyber fraud wedding invitation

साइबर ठगी (फोटो ai)

मोबाइल पर आने वाले अनजान लिंक और फाइल साइबर ठगी का जरिया बन रहे हैं। ताजा मामले में अलवर के मुलतान नगर निवासी 51 वर्षीय रूपेश पुत्र बनारसीलाल पंजाबी को शादी का कार्ड खोलने के नाम पर ठगी का शिकार बनाया गया। पीड़ित के खाते से 5.42 लाख रुपए निकल गए। मामले में साइबर थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, रूपेश ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि 10 अक्टूबर की रात करीब 10 बजकर 10 मिनट पर उसके मोबाइल पर एक मैसेज आया था। मैसेज में केसरोली निवासी मुस्ताक खान के नाम से शादी का कार्ड भेजा गया था। पीड़ित ने इसे शादी का निमंत्रण समझा और मैसेज के साथ आई फाइल खोल ली। इसके बाद उसके बैंक खाते से रुपए कटने शुरू हो गए।

कुछ समय बाद जब खाते से हुए लेनदेन की जानकारी मिली तो पता चला कि अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 5 लाख 42 हजार रुपए निकाल लिए गए हैं। शादी का कार्ड समझकर फाइल खोलने वाले रूपेश को तब ठगी का पता चला। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी। साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर रुपए निकालने के तरीके और आरोपियों की पहचान को लेकर जांच शुरू कर दी है।

एपीके फाइल से कैसे हो सकती है ठगी?

एपीके (APK) एंड्रॉयड मोबाइल में ऐप इंस्टॉल करने वाली फाइल होती है। साइबर ठग कई बार शादी के निमंत्रण, फोटो, दस्तावेज या अन्य जरूरी जानकारी के नाम पर ऐसी फाइल भेजते हैं। अनजान स्रोत से आई फाइल इंस्टॉल करने पर मोबाइल की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। कुछ मामलों में इस तरह के ऐप संवेदनशील जानकारी चुराने या डिवाइस तक अनधिकृत पहुंच बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं।

हालांकि, इस मामले में ठगी किस तकनीक से की गई और खाते से रकम निकालने के लिए किस तरीके का इस्तेमाल हुआ, यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

साइबर ठगी से बचने के लिए क्या करें?

मोबाइल पर किसी अनजान नंबर से शादी का कार्ड या अन्य फाइल आए तो उसे खोलने से पहले भेजने वाले से पुष्टि करें। केवल पहचान वाले व्यक्ति का नाम देखकर किसी फाइल पर भरोसा न करें। अनजान एपीके फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल करने से बचें और मोबाइल की सुरक्षा सेटिंग्स में अनजान स्रोतों से ऐप इंस्टॉल करने की अनुमति बंद रखें।

अगर बैंक खाते से अनधिकृत रकम निकल जाए तो तुरंत बैंक को सूचना दें और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। साइबर अपराध की शिकायत आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर भी की जा सकती है। समय रहते शिकायत करने से रकम को रोकने या वापस दिलाने की संभावना बढ़ सकती है।