5 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पत्नी को रस्सी से गला दबाकर मारा, 6 साल की मासूम ने खोल दिया राज

एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की इसलिए गला घोंटकर हत्या कर दी, क्योंकि उसने उसे शराब पीने के लिए पैसे नहीं दिए थे। पुलिस ने व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।

2 min read
Google source verification
husband_killed_wife_by_strangulation_with_rope.jpg

अलवर जिले के विजय मंदिर थाना क्षेत्र के रुंध शाहपुर अमृतबास गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की इसलिए गला घोंटकर हत्या कर दी, क्योंकि उसने उसे शराब पीने के लिए पैसे नहीं दिए थे। पुलिस ने व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक महिला के शव की जांच सामान्य अस्पताल में मेडिकल बोर्ड द्वारा की गई और शव पीहर पक्ष को दे दिया गया है।

विजय मंदिर थानाधिकारी शिवदयाल ने बताया कि रूंध शाहपुर अमृतबास निवासी कविता पुत्री रामस्वरूप का विवाह वर्ष 2014 में मालाखेड़ा के खरखड़ी निवासी गौरीशंकर पुत्र रमेश जाटव के साथ हुआ था। पिछले दो-तीन साल से कविता अपने पति और बच्चों के साथ पीहर रूंध शाहपुर अमृतबास में पिता के खेत में झोपड़ी बनाकर रह रही थी। रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे पति गौरीशंकर ने कविता से शराब के लिए पैसे मांगे। मना करने पर पति-पत्नी के बीच झगड़ा हो गया।

जिस पर गौरीशंकर ने रस्सी से गला दबाकर अपनी पत्नी कविता (28) की हत्या कर दी। घटना का पता चलने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शाम को सामान्य अस्पताल में मृतका का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया और शव पीहर पक्ष को सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने घटना के सम्बन्ध में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

पापा ने मम्मी का रस्सी से गला घोंट दिया

आरोपी गौरीशंकर मजदूरी करता है और शराब पीने का आदी है। गौरीशंकर और कविता के तीन बच्चे हैं। जिसमें दो पुत्री और एक पुत्र है। बड़ी पुत्री छह साल, दूसरी पुत्री चार साल और पुत्र एक साल का है। रविवार सुबह गौरीशंकर ने रस्सी से गला दबाकर पत्नी कविता की हत्या की तो उस दौरान तीनों बच्चे घर पर ही थे, जिन्होंने पिता को अपनी मां की हत्या करते देखा।

घटना की सूचना के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बड़ी पुत्री से बात की। छह वर्षीय बालिका ने पुलिस को बताया कि पापा ने मम्मी का रस्सी से गला घोंट दिया, जिससे उसकी मम्मी मर गई। हत्या का राज खुलने पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।