12 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Alwar: रथयात्रा महोत्सव शुरू; CM भजनलाल शर्मा व वसुंधरा राजे तक लगा चुके हैं यहां अर्जी 

Alwar Jagannath Rath Yatra: राजस्थान के अलवर में प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का आगाज आज रविवार को पूरे विधि-विधान और गणेश पूजन के साथ हो गया है। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विघ्नहर्ता को निमंत्रण दिया गया।
2 min read
Google source verification
alwar jagannath rath yatra

आज से रथयात्रा महोत्सव हुआ शुरू (फोटो - पत्रिका)

Alwar Jagannath Rath Yatra: अलवर का ऐतिहासिक जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव अपनी अनूठी परंपराओं के लिए पूरे देश में मशहूर है। इस साल भी महोत्सव को लेकर भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। आज सुबह मंदिर परिसर में पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ भगवान गणेश का पूजन किया और उन्हें उत्सव का पहला निमंत्रण दिया। इसी के साथ इस भव्य रथयात्रा की औपचारिक शुरुआत हो गई है।

अलवर के इस प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहाँ हर साल भगवान जगन्नाथ और जानकी मैया का पूरे रीति-रिवाज के साथ विवाह कराया जाता है। लोक मान्यताओं के अनुसार, जो भी युवा अपनी शादी की रुकावटों से परेशान हैं, वे अगर यहाँ आकर भगवान के नाम का कंगन और डोरा बांधते हैं, तो उनकी मनोकामना जल्द पूरी होती है। आज गणेश पूजन के दिन से शुरू होकर देवउठनी एकादशी तक यहाँ कंगन-डोरे बांधने वाले श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है।

अपनी मन्नत पूरी होने के लिए लगते हैं अर्जी

सिर्फ आम लोग ही नहीं, बल्कि बड़े-बड़े नेता और वीआईपी भी भगवान जगन्नाथ के दरबार में सिर झुकाने आते हैं। इस मंदिर में अब तक मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे समेत कई दिग्गज नेता अपनी अर्जी लगा चुके हैं। इस रथयात्रा महोत्सव के दौरान मंदिर में 'अर्जी' लगाने की एक अनोखी और सालों पुरानी परंपरा है।

लोग एक पर्ची पर अपनी मन्नतें जैसे जल्दी शादी होना, मनपसंद नौकरी मिलना, व्यापार में तरक्की या नई प्रॉपर्टी खरीदना लिखकर भगवान के चरणों में सौंपते हैं। मंदिर प्रशासन इन सभी अर्जियों को एक खास डायरी में लिखकर सुरक्षित रखता है।


शादी के लिए हरियाणा से आती हैं ज्यादा अर्जी

हैरानी की बात यह है कि अपनी शादी की बाधा दूर करने के लिए अर्जी लगाने सबसे ज्यादा युवा पड़ोसी राज्य हरियाणा से आते हैं। इसके अलावा दिल्ली, जयपुर, भिवाड़ी और अलवर के स्थानीय प्रॉपर्टी डीलर भी अपने धंधे में मुनाफे के लिए यहाँ नारियल बांधकर मन्नत मांगते हैं।

वहीं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र भी सरकारी नौकरी की आस में यहाँ भगवान के सामने गुहार लगाते हैं। गणेश पूजन के साथ ही अब मंदिर में उत्सव की रौनक बढ़ गई है। आने वाले दिनों में भगवान की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें शामिल होने के लिए देश भर से लाखों श्रद्धालु अलवर पहुंचेंगे।