
CCTV फुटेज (फोटो - पत्रिका)
अलवर शहर की आटा वाली गली स्थित जसौरिया एंड ब्रदर्स किराना दुकान से पिछले दो-तीन महीने में करीब 10 लाख रुपए का किराना सामान, दो लाख रुपए नकदी और एक मोबाइल चोरी होने का मामला सामने आया है। दुकानदार अमित जसौरिया की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुकानदार ने चोरी के पीछे पूर्व कर्मचारी का हाथ होने का शक जताया है। साथ ही दुकान में काम करने वाले एक अन्य कर्मचारी की मिलीभगत की आशंका भी बताई है।
रिपोर्ट के अनुसार दुकान से पिछले कुछ समय से लगातार कीमती किराना सामान गायब हो रहा था। इनमें इलायची, काजू, बादाम सहित अन्य महंगे सामान शामिल हैं। सामान की मात्रा लगातार कम होने पर दुकानदार को चोरी का संदेह हुआ। अमित जसौरिया ने पुलिस को बताया कि 7 अगस्त को भी दुकान से सामान चोरी हुआ था।
इसके बाद उन्होंने दुकान में कैमरा लगवा दिया, ताकि सामान गायब होने की घटना पर नजर रखी जा सके। दुकानदार के अनुसार 10 अगस्त की रात दुकान बंद करने के बाद करीब 11 बजे वे घर पर कैमरे की फुटेज देख रहे थे। इसी दौरान उन्हें दुकान के अंदर एक व्यक्ति घुसा हुआ दिखाई दिया। संदिग्ध को दुकान में देखकर वे तुरंत वहां पहुंचे और पड़ोसी दुकानदार को भी इसकी जानकारी दी।
दुकानदार और पड़ोसी के दुकान की ओर पहुंचने की भनक लगते ही संदिग्ध व्यक्ति वहां से निकलकर छत की तरफ भाग गया। आरोप है कि उसने छत से कूदकर मौके से भागने की कोशिश की। कैमरे की फुटेज में संदिग्ध के लंगड़ाकर जाते हुए दिखाई देने की बात भी पुलिस रिपोर्ट में कही गई है।
दुकानदार ने पुलिस को दी रिपोर्ट में एक पूर्व कर्मचारी पर लगातार चोरी करने का शक जताया है। उनका आरोप है कि पिछले दो-तीन महीने में करीब 10 लाख रुपए का किराना सामान, दो लाख रुपए नकदी और एक मोबाइल चोरी हुआ है। दुकानदार ने यह भी आशंका जताई है कि चोरी की घटनाओं में दुकान पर काम करने वाला एक अन्य कर्मचारी शामिल हो सकता है।
फिलहाल अलवर कोतवाली थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दुकान में लगे कैमरे की फुटेज और चोरी से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही चोरी में शामिल लोगों और चोरी हुए सामान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Updated on:
14 Aug 2026 11:38 am
Published on:
14 Aug 2026 11:38 am
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
