6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पंचायती राज चुनाव: प्रथम चरण के चुनाव का प्रचार थमा, प्रत्याशी रणनीति बनाने में जुटे

पंचायती राज चुनाव के अंतर्गत प्रथम चरण के चुनाव प्रचार का शोर सोमवार शाम 5 बजे थम गया। प्रचार खत्म होने से पूर्व जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य के प्रत्याशियों, कांग्रेस एवं भाजपा के प्रमुख नेताओं, मंत्री, सांसद विधायकों ने प्रचार में ताकत झोंक दी। प्रथम चरण में तिजारा, मुण्डावर, बहरोड़, कोटकासिम एवं नीमराणा पंचायत समितियों के 16 जिला परिषद सदस्य एवं 99 पंचायत समिति सदस्यों के लिए 20 अक्टूबर को मतदान होना है।

2 min read
Google source verification

अलवर

image

Prem Pathak

Oct 18, 2021

पंचायती राज चुनाव: प्रथम चरण के चुनाव का प्रचार थमा, प्रत्याशी रणनीति बनाने में जुटे

पंचायती राज चुनाव: प्रथम चरण के चुनाव का प्रचार थमा, प्रत्याशी रणनीति बनाने में जुटे

अलवर. पंचायती राज चुनाव के अंतर्गत प्रथम चरण के चुनाव प्रचार का शोर सोमवार शाम 5 बजे थम गया। प्रचार खत्म होने से पूर्व जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य के प्रत्याशियों, कांग्रेस एवं भाजपा के प्रमुख नेताओं, मंत्री, सांसद विधायकों ने प्रचार में ताकत झोंक दी। प्रथम चरण में तिजारा, मुण्डावर, बहरोड़, कोटकासिम एवं नीमराणा पंचायत समितियों के 16 जिला परिषद सदस्य एवं 99 पंचायत समिति सदस्यों के लिए 20 अक्टूबर को मतदान होना है।

जिले में प्रथम चरण के चुनाव की पांच पंचायत समितियों में प्रत्याशियों का प्रचार सोमवार को परवान पर रहा। शाम 5 बजे प्रचार अभियान थमने के बाद प्रत्याशी व प्रमुख पार्टियों के नेता अब मतदान की रणनीति बनाने में जुट गए हैं। प्रचार के अंतिम दिन जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के प्रत्याशियों ने मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए पूरी ताकत लगा दी।

पहले चरण के प्रत्याशियों का प्रचार तेज

प्रथम चरण के चुनाव वाली पंचायत समितियों में कांग्रेस व भाजपा सहित अन्य प्रमुख दलों के नेताओं, विधायक एवं पदाधिकारियों ने प्रचार को प्रमुखता दी। प्रत्याशी घर-घर जाकर जन सम्पर्क में जुटे रहे। वहीं विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों व नेताओं ने सभा, रैली व नुक्कड़ सभाओं से अपने प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी रंग जमाने का प्रयास किया।

प्रमुख पार्टियों के बड़े नेता भी उतरे प्रचार में

पंचायती राज चुनाव के प्रथम चरण वाली पंचायत समितियों में कांग्रेस व भाजपा के प्रमुख नेता भी प्रचार में उतरे। भाजपा की ओर से सांसद महंत बालकनाथ योगी ने ज्यादातर पंचायत समितियों के वार्डों में प्रत्याशियों के समर्थन में सभा व रैली की। वहीं भाजपा के पंचायती राज चुनाव में जिला प्रभारी मदन दिलावर, पार्टी विधायकों, पूर्व विधायकों, पदाधिकारियों ने भी प्रचार की कमान संभाली। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष सादिक खान भी विभिन्न वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार में जुटे रहे। कांग्रेस की ओर से श्रम राज्य मंत्री टीकाराम जूली, कार्यकारी जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा, स्थानीय विधायकों ने प्रचार की कमान संभाली।

निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी झोंकी ताकत

जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य पद के चुनाव लड़ रहे निर्दलीय व अन्य दलों के प्रत्याशियों ने भी प्रथम चरण का चुनाव प्रचार थमने तक प्रचार व जन सम्पर्क में पूरी ताकत लगा दी। सोमवार को निर्दलीय प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ जन सम्पर्क व नुक्कड़ सभाएं की।

मतदान दल आज होंगे रवाना

प्रथम चरण के मतदान के लिए मतदान दल मंगलवार को बाबू शोभाराम राजकीय कला कॉलेज परिसर से रवाना होंगे। ये मतदान दल 20 अक्टूबर को पहले चरण का मतदान सम्पन्न कराने के बाद पुन: कला कॉलेज पहुंचकर मतदान सामग्री जमा कराएंगे।

पहले चरण का चुनावी गणित

मतदान- 20 अक्टूबर सुबह 8 से शाम 5 बजे तक
पंचायत समिति- तिजारा, मुण्डावर, बहरोड़, कोटकासिम व नीमराणा

जिला परिषद सदस्य वार्ड- 16पंचायत समिति सदस्य वार्ड- 99
कुल मतदाता- 689755

महिला मतदाता- 327417
पुरुष मतदाता- 362388

मतदान केन्द्र- 973