
घायलों का इलाज जारी है (फोटो - पत्रिका)
अलवर के मालाखेड़ा क्षेत्र के बड़ा गांव नैथला में रविवार सुबह जमीनी विवाद को लेकर एक खौफनाक मंजर देखने को मिला। खेतों की मेड़ पर तारबंदी करने जैसी मामूली सी बात को लेकर दो सगे भाइयों के परिवारों में कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों ओर से लाठियां और तलवारें निकल आईं। इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के कुल 13 लोग लहूलुहान हो गए, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों की सूचना पर मालाखेड़ा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और झगड़े को शांत करवाकर सभी घायलों को तुरंत मालाखेड़ा के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने मामूली रूप से घायल लोगों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें छुट्टी दे दी, लेकिन 5 लोगों की हालत काफी नाजुक बनी हुई थी। गंभीर रूप से घायल एक पक्ष की गीता देवी, लाखन सिंह और उषा देवी तथा दूसरे पक्ष के राहुल सिंह और गब्बर सिंह को बेहतर इलाज के लिए अलवर के जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना को लेकर एक पक्ष के पीड़ित दिलीप सिंह ने बताया कि रविवार की सुबह उनके परिवार के लोग अपने हिस्से के खेत में कटीले तारों की बाड़ (तारबंदी) लगा रहे थे। इसी दौरान उनके सगे चाचा लाखन सिंह और उनकी चाची वहां आ गए और तारबंदी करने का विरोध करने लगे। देखते ही देखते बहस झगड़े में बदल गई। दिलीप का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने अचानक धारदार हथियार और लाठियों से हमला कर दिया।
इस हमले में उनके भाई राहुल सिंह राजपूत के सिर पर, गब्बर सिंह के सिर और पैर पर, रघुनाथ सिंह की पीठ पर और खुद दिलीप के हाथ पर धारदार हथियार से वार किए गए। जब घर की महिलाएं बीच-बचाव करने आईं, तो बदमाशों ने उन्हें भी नहीं बख्शा, जिससे दिलीप की मां अनार देवी और पत्नी रोहिणी भी गंभीर रूप से चोटिल हो गईं।
वहीं दूसरी ओर से भी लाठियां चलने के कारण दूसरे पक्ष के लोग घायल हुए हैं। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं। इस मामले में दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ जानलेवा हमला करने और मारपीट करने का मामला दर्ज कराया है।
मालाखेड़ा थाना पुलिस ने बताया कि जमीन और मेड़ के विवाद को लेकर यह पुराना झगड़ा था जो रविवार को हिंसक रूप में बदल गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज कर मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
Updated on:
12 Jul 2026 02:38 pm
Published on:
12 Jul 2026 02:38 pm
