
कंपनी बाग में आयोजित ‘हमराह’ कार्यक्रम (फोटो - पत्रिका)
राजस्थान पत्रिका के अलवर संस्करण ने 11 अप्रेल को अपने सुनहरे 26 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इसी उपलक्ष्य में रविवार सुबह शहर के ऐतिहासिक कंपनी बाग में 'हमराह' कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा बाग उत्साह और ऊर्जा से सराबोर नजर आया, जहां बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने विभिन्न गतिविधियों के जरिए स्थापना दिवस का जश्न मनाया।
26वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित 'हमराह' कार्यक्रम ने सुबह को यादगार बना दिया। शहर के कंपनी बाग में सुबह 6 बजे से ही लोगों का हुजूम जुटना शुरू हो गया था। जुम्बा ट्रेनर्स के निर्देशों पर करीब आधे घंटे तक शहरवासी थिरकते नजर आए। आधुनिक कसरत और नृत्य के इस अनूठे संगम ने लोगों को फिट रहने का संदेश दिया।
योगा क्लब के सदस्यों ने लाफ्टर योगा के जरिए उपस्थित जनसमूह को खूब गुदगुदाया। योग विशेषज्ञों ने ठहाके लगाकर हंसने की सही प्रक्रिया बताई और जीवन में तनाव मुक्त रहने के मंत्र दिए। करीब 15 मिनट तक चले इस सत्र में "रोजाना हंसें और दूसरों को हंसाएं" का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मार्शल आर्ट क्लब के सदस्यों द्वारा दी गई प्रस्तुतियां रहीं। वीर शिवाजी के गौरवशाली गीतों की धुन पर युवाओं ने लट्ठबाजी और पट्टाबाजी के हैरतअंगेज करतब दिखाए। आकर्षण का केंद्र 72 वर्षीय एक बुजुर्ग रहे, जिन्होंने अपनी तलवारबाजी के हुनर से युवाओं में भी जोश भर दिया। उनके जुनून को देख दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
बच्चों के लिए मैजिक शो का विशेष आयोजन किया गया, जहां जादूगर ने अपने हाथों की सफाई से सबको अचंभित कर दिया। वहीं, सामाजिक सरोकार को निभाते हुए संयुक्त व्यापारी महासंघ ने डस्टबिन का वितरण किया। व्यापारियों ने आमजन से अपील की कि अलवर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
कार्यक्रम का सफल संचालन रेखा महलावत ने किया। हरीश शेखर के निर्देशन में जुम्बा डांस और कीर्ति शर्मा के सानिध्य में योग शिविर से हुई। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद की ओर से सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, वहीं मोहन पूजावाला ने अपने संगीत से सभी का दिल जीत लिया। सामाजिक सरोकार निभाते हुए संयुक्त व्यापार महासभा ने डस्टबिन वितरित किए, तो संयुक्त वैश्य महासभा (बुद्धविहार-विजय नगर) ने परिंडे लगाकर पक्षियों के संरक्षण का संदेश दिया।
स्कूल ऑफ मार्शल आर्ट्स के हैरतअंगेज प्रदर्शन के बीच कंपनी बाग विकास समिति, PWD और अलवर जिला स्काउट एंड गाइड और गिरीश गुप्ता का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में विजेंद्र खंडेलवाल, माया देवी, कांता देवी और प्रतिभा सिंह सहित व अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने पत्रिका के इस अभियान की सराहना की। शहरवासियों ने कहा कि पत्रिका न केवल सटीक खबरें पहुंचाता है, बल्कि 'हमराह' जैसे आयोजनों से समाज को जोड़ने का काम भी करता है।
Updated on:
12 Apr 2026 12:33 pm
Published on:
12 Apr 2026 12:32 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
