11 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Alwar News: पेंशनर भवन में हाईवोल्टेज ड्रामा, अवैध गतिविधियों के आरोप में गार्ड गिरफ्तार

अलवर के पेंशनर भवन में पैसे लेकर कमरे देने और अनैतिक काम कराने का कथित मामला सामने आया है। बुधवार देर रात बजरंग दल और वीएचपी कार्यकर्ताओं के हंगामे के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी गार्ड को गिरफ्तार कर लिया है।

2 min read
Google source verification
alwar pensioner bhavan

घटनास्थल पर पुलिस

अलवर शहर के पॉश इलाके स्कीम नंबर-10 में स्थित पेंशनर भवन में बुधवार की रात को जमकर हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ। इस प्रतिष्ठित सरकारी और सामाजिक परिसर में कथित तौर पर अनैतिक और अवैध गतिविधियां संचालित होने की जानकारी पर बुधवार रात करीब 10 बजे बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (VHP) सहित कई अन्य सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता अचानक मौके पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने जब वहां का नजारा देखा तो उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने मौके पर ही आरोपी गार्ड के खिलाफ हंगामा शुरू कर दिया।

अवैध काम के लिए कमरे देता था

जानकारी के मुताबिक, पेंशनर भवन में तैनात गार्ड रामचंद्र पिछले काफी समय से यहां आने वाले संदिग्ध लोगों से पैसे वसूलता था और उन्हें अवैध काम के लिए भवन के कमरे किराए पर उपलब्ध करवाता था। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल हो रहे इस वीडियो में मौके पर एक संदिग्ध महिला भी खड़ी दिखाई दे रही है। वहीं, जब हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने चपरासी सह गार्ड रामचंद्र को चारों तरफ से घेर लिया, तो वह खुद वीडियो में डर के मारे कैमरे के सामने पैसे लेकर कमरे देने और गलत काम करवाने की बात कबूल करता नजर आ रहा है।

आरोपी पुलिस हिरासत में

मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और जाब्ते के साथ स्कीम नंबर-10 स्थित पेंशनर भवन पहुंची। पुलिस ने मौके पर भीड़ को समझा-बुझाकर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में लिया और आरोपी गार्ड रामचंद्र को तुरंत हिरासत में ले लिया।

इस शर्मनाक हरकत के सामने आने के बाद पेंशनर भवन संस्था के अध्यक्ष मधुसूदन शर्मा ने अपनी गहरी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यह पूरा घटनाक्रम बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हमारी संस्था बुजुर्गों और वरिष्ठ नागरिकों की एक बेहद सम्मानित और प्रतिष्ठित जगह है, जहां इस तरह की घिनौनी हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।


संस्था अध्यक्ष ने यह भी साफ किया कि उन्हें बुधवार देर रात ही इस कारनामे की जानकारी मिली, इससे पहले संस्था के किसी भी पदाधिकारी को अपने गार्ड की इस घिनौनी करतूत की भनक तक नहीं थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि संस्था बहुत जल्द एक बैठक बुलाकर आरोपी कर्मचारी रामचंद्र के खिलाफ सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई करेगी ताकि भविष्य में इस पवित्र परिसर की छवि खराब न हो।