21 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: ट्रक ड्राइवर की लात-घूंसों से पिटाई करने वाले पुलिसकर्मी पर गिरी गाज, एडिशनल एसपी ने की कार्रवाई

Alwar Truck Driver Case: नौगांवा थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पुलिसकर्मी द्वारा ट्रक ड्राइवर की बीच सड़क लात-घूंसों से पिटाई के बाद कार्रवाई हुई है। वीडियो वायरल होने के बाद एडिशनल एसपी ने आरोपी पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर कर दिया है।

less than 1 minute read
Google source verification

अलवर

image

Kamal Mishra

Apr 21, 2026

alwar Viral Video

ट्रक ड्राइवर की पिटाई करता पुलिसकर्मी (फोटो-सोशल मीडिया)

अलवर। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर ट्रक चालक की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। नौगांवा थाना क्षेत्र में लेन ड्राइविंग के लिए जागरूकता अभियान के दौरान एक पुलिसकर्मी द्वारा युवक को लात-घूंसों से पीटने का मामला सामने आया है। घटना के बाद एडिशनल एसपी ने आरोपी पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर कर जांच के आदेश दे दिए हैं।

बताया जा रहा है कि यह घटना सोमवार की है, जब पुलिस टीम एक्सप्रेस-वे पर वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों, खासकर लेन ड्राइविंग के लिए जागरूक कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक चालक से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह बहस मारपीट में बदल गई। आरोप है कि पुलिसकर्मी अनुराग ने चालक को लात-घूंसों से पीटा, जिससे वह घायल हो गया। बाद में उसे इलाज के लिए अलवर के जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

पुलिसकर्मियों पर अवैध वसूली के आरोप

घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने गंभीर आरोप भी लगाए हैं। चालक के परिजनों का कहना है कि एक्सप्रेस-वे पर कुछ पुलिसकर्मी अवैध वसूली करते हैं और पैसे नहीं देने पर इस तरह की कार्रवाई करते हैं। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इन आरोपों को शुरुआती जांच में निराधार बताया है और कहा है कि विवाद केवल वाहन रोकने को लेकर हुआ था।

किसी ने वीडियो बनाकर किया वायरल

एक्सप्रेस-वे पर पुलिसकर्मी द्वारा ड्राइवर की हुई बेरहमी से पिटाई का किसी ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में आज मंगलवार को एडिशनल एसपी प्रियंका रघुवंशी ने आरोपी पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर करते हुए जांच के आदेश दिए हैं। मामले की जांच रामगढ़ डीएसपी पिंटू कुमार को सौंपी गई है।