25 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Alwar: अलवर में बारिश का दौर जारी, किसानों ने शुरू की लाल प्याज की रोपाई

अलवर जिले में मंगलवार को भी बारिश का दौर जारी रहा। सुबह से शहर में घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में बारिश हुई। हरसौली, खैरथल और किशनगढ़ बास में भी बारिश हुई। किशनगढ़ बास में करीब 30 मिनट तक तेज बारिश से मौसम ठंडा हो गया और किसानों को राहत मिली।
2 min read
Google source verification
alwar rain

अलवर में बारिश का दौर जारी (फोटो - पत्रिका)

अलवर जिले में बारिश का दौर लगातार जारी है। मंगलवार को सुबह से ही शहर में घने बादल छाए रहे। इसके बाद कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण मौसम सुहाना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। पिछले कुछ दिनों से तेज धूप और उमस से परेशान लोगों को बारिश से राहत मिली।

जिले के अलग-अलग कस्बों में भी बारिश का असर देखने को मिला। हरसौली कस्बे में बारिश हुई, वहीं खैरथल में भी बरसात का दौर चला। किशनगढ़ बास कस्बे में करीब 30 मिनट तक मूसलाधार बारिश हुई। अचानक तेज बारिश होने से सड़कों और आसपास के इलाकों में पानी नजर आया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में जिले में बारिश का दौर आगे भी जारी रहने की संभावना है।

बारिश से किसानों को मिली राहत

बारिश होने से जिले के किसानों को भी बड़ी राहत मिली है। सकट कस्बे और आसपास के गांवों में सावन माह की रिमझिम बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है। बारिश के मौसम को देखते हुए किसानों ने खेतों में लाल प्याज की अगेती फसल तैयार करने की तैयारी शुरू कर दी है।


किसानों ने बताया कि पिछले दिनों बारिश नहीं होने और तेज धूप के कारण खेतों में नमी कम हो गई थी। इसके साथ ही कुओं और बोरिंग में भी पानी की कमी बनी हुई थी। अब बारिश होने के बाद खेतों में पर्याप्त नमी आने लगी है। इससे लाल प्याज के बीज की रोपाई का काम तेजी से शुरू कर दिया गया है।


पहले से कर रखी थी खेतों की तैयारी

लाल प्याज की रोपाई को लेकर किसानों ने पहले से ही खेतों की जुताई और क्यारियां तैयार कर रखी थीं। बारिश का इंतजार कर रहे किसान अब मौसम अनुकूल होते ही रोपाई के काम में जुट गए हैं। किसानों का कहना है कि समय पर रोपाई होने से अगेती लाल प्याज की फसल तैयार करने में मदद मिलेगी।


अलवर जिले में सकट क्षेत्र के एक खेत में किसान परिवार की महिलाएं लाल प्याज के बीज की रोपाई करती नजर आईं। बारिश के बीच खेतों में काम शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्र में कृषि गतिविधियां तेज हो गई हैं

बारिश से जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है, वहीं किसानों को खरीफ फसलों के साथ लाल प्याज की खेती के लिए भी अनुकूल परिस्थितियां मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए किसान भी आने वाले दिनों के मौसम पर नजर बनाए हुए हैं।