21 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Alwar: शादी के नाम पर बड़ा धोखा: तीन लाख रुपये लिए, जेवर लेकर रफूचक्कर हुई ‘दुल्हन’

राजस्थान के अलवर जिले से शादी के नाम पर धोखा देने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के नाम पर एक युवक को अपना जीवनसाथी खोजने का सपना उस समय बिखर गया, जब उसकी 'दुल्हन' शादी के कुछ ही दिनों बाद लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गई।

2 min read
Google source verification

representative picture (AI)

राजस्थान के अलवर जिले से शादी के नाम पर धोखा देने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के नाम पर एक युवक को अपना जीवनसाथी खोजने का सपना उस समय बिखर गया, जब उसकी 'दुल्हन' शादी के कुछ ही दिनों बाद लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गई। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी युवती पहले से ही शादीशुदा है और उसका एक बेटा भी है।

शादी के लिए दिए थे तीन लाख रुपये

पीड़ित देवेन्द्र कुमार (25), जो करौली कुंड कच्ची बस्ती का निवासी है और कृषि उपज मंडी में मजदूरी करता है, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सुरेश दुधिया नामक व्यक्ति ने उसे शादी का झांसा दिया। सुरेश के माध्यम से 31 मार्च 2026 को करौली कुंड स्थित शिव मंदिर में देवेन्द्र का विवाह सीमा नामक युवती से संपन्न हुआ। इस दौरान लड़की की मां, बहन और जीजा भी मौजूद थे। शादी के बदले में पीड़ित पक्ष ने लड़की वालों को तीन लाख रुपये दिए थे।

शादी के दो दिन बाद ही हुआ खुलासा

पीड़ित ने बताया कि शादी के महज दो दिन बाद ही सीमा अपने मायके वालों के साथ चली गई। जब वह वापस नहीं लौटी, तो देवेन्द्र ने उसे लाने की कोशिश की। इसी दौरान युवती ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि उसकी बहन और जीजा ने पैसों के लालच में उसकी जबरन शादी करवाई है। जांच-पड़ताल में पता चला कि सीमा पहले से शादीशुदा है और उसका एक बेटा भी है।

धमकी देकर फरार हुई आरोपी

पीड़ित का आरोप है कि युवती घर से फरार होते समय अपने साथ कीमती चांदी के जेवर और नकदी भी ले गई। जब देवेन्द्र ने फोन पर अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी पक्ष ने उसे जान से मारने की धमकी दी। ठगा महसूस कर रहे देवेन्द्र ने अब पुलिस में मामला दर्ज कराया है। फिलहाल, अखैपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सुरेश दुधिया सहित लड़की के परिजनों की तलाश में जुटी है, जिन्होंने इस पूरी साजिश को अंजाम दिया। यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। पीड़ित परिवार शादी के नाम पर हुई ठगी से काफी परेशान हैं। उन्होंने पुलिस से जल्द अपनी रकम वापस पाने की गुहार लगाई है, साथ ही जल्द न्याय की मांग की है।