16 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Alwar News: अलवर में श्रीमद्भागवत कथा से पहले निकली कलश यात्रा, 500 महिलाओं ने बिखेरे श्रद्धा के रंग

अलवर के जयपुर रोड स्थित श्री अयोध्या धाम आश्रम में आज से सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव का आगाज हो गया है। कथा शुरू होने से पहले आज मंगलवार सुबह वेंकटेश बालाजी दिव्य धाम मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।

2 min read
Google source verification
bhagwat katha

कथा से पहले निकली कलश यात्रा (फोटो - पत्रिका)

अलवर के जयपुर रोड स्थित अयोध्या धाम आश्रम में आज से सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव का आगाज हो गया है। चेतन एन्क्लेव के पास स्थित श्री अयोध्या धाम आश्रम में यह कथा आज से शुरू होकर 22 जून तक चलेगी। शहर में आयोजित होने वाली श्रीमद् भागवत कथा से पूर्व कलश यात्रा निकाली गई।

यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। यात्रा का विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। कथा आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कलश यात्रा के साथ ही कथा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। आगामी दिनों में कथा वाचन के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और धर्म, भक्ति व संस्कारों का संदेश श्रद्धालुओं को दिया जाएगा।

एक जैसे पहनावे में दिखीं 500 महिलाएं, मथुरा की मंडली रही आकर्षण

कथा के मुख्य संयोजक ने बताया कि सुबह सवा सात बजे काला कुआं के वेंकटेश बालाजी दिव्य धाम मंदिर से कलश यात्रा शुरू हुई। इस यात्रा की सबसे खूबसूरत बात यह थी कि करीब 500 महिलाएं एक ही रंग की बंधेज साड़ी पहनकर शामिल हुईं। सभी महिलाएं अपने सिर पर सुंदर तरीके से सजे हुए कलश लेकर चल रही थीं। यात्रा में मथुरा से आई भजन मंडली ने अपनी प्रस्तुतियों से सबका मन मोह लिया। वहीं, मथुरा के मशहूर पंडितों की ओर से पोथी पूजन और नित्य भागवत पूजन संपन्न कराया गया।


सुंदर कलश लाने वाली महिलाओं को मिला इनाम

इस यात्रा को और रोचक बनाने के लिए एक प्रतियोगिता भी रखी गई। जो महिला अपना कलश सबसे सुंदर सजाकर लाई, उसे खास तौर पर सम्मानित किया गया। इसके अलावा पांच दूसरी महिलाओं को भी उनकी मेहनत के लिए पुरस्कार दिए गए। कलश यात्रा के पूरे रास्ते में दो जगहों पर ठंडे पानी की प्याऊ और नाश्ते की व्यवस्था की गई थी, ताकि गर्मी में महिलाओं और आम जनता को कोई परेशानी न हो। यात्रा को व्यवस्थित रखने की कई महिला कार्यकर्ताओं ने बखूबी संभाली।

रोज दोपहर 1 से 4 बजे तक कथा वाचन

आज से शुरू हुई इस भागवत कथा का वाचन गंगादास वेदांती करेंगे। कथा का समय रोजाना दोपहर 1:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक रहेगा। आश्रम प्रबंधन और आयोजकों ने अलवर के सभी श्रद्धालुओं और मातृशक्ति से अपील की है कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में आकर इस कथा का श्रवण करें और पुण्य के भागी बनें।