16 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Train Alert: जयपुर-अजमेर रूट पर मेगा ब्लॉक, इस दिन रहेंगी ये ट्रेनें रद्द व डायवर्ट, देखें पूरी लिस्ट

जयपुर मंडल के मंडावरिया-किशनगढ़ स्टेशनों के बीच पुल मरम्मत कार्य के चलते रेलवे ने एक बड़ा मेगा ब्लॉक लेने का फैसला किया है। इसके कारण आगामी 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 को अजमेर, जयपुर, दिल्ली और जम्मू जाने वाली कई प्रमुख ट्रेनें पूरी तरह रद्द, आंशिक रद्द और डायवर्ट रहेंगी।

2 min read
Google source verification
railway news

फाइल फोटो- पत्रिका

Railway News: उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के मुताबिक जयपुर मंडल के मंडावरिया-किशनगढ़ रेल खंड के बीच स्थित ब्रिज संख्या 292 पर आरसीसी बॉक्स रिप्लेसमेंट (RCC Box Replacement) का तकनीकी कार्य किया जाना है। इस जरूरी मरम्मत कार्य के कारण रेलवे प्रशासन की ओर से ब्लॉक लिया जा रहा है, जिससे रेल यातायात काफी हद तक प्रभावित रहेगा और यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।

पूरी तरह रद्द रहने वाली ट्रेनें

इस तकनीकी ब्लॉक के कारण 25 अक्टूबर को संचालित होने वाली गाड़ी संख्या 19735 (जयपुर-मारवाड़), गाड़ी संख्या 19736 (मारवाड़-जयपुर), गाड़ी संख्या 19288 (अजमेर-सियालदाह) और गाड़ी संख्या 19603 (दौराई-गोड्डा) एक्सप्रेस पूरी तरह रद्द रहेगी। इसके अलावा अगले दिनों में गाड़ी संख्या 19987 (सियालदाह-अजमेर) 26 अक्टूबर को और गाड़ी संख्या 19604 (गोड्डा-दौराई) 27 अक्टूबर को पूरी तरह रद्द रहेगी।

खातीपुरा और जयपुर तक ही चलेंगी ये ट्रेनें (आंशिक रद्द)

लंबी दूरी की कई ट्रेनों के फेरे छोटे किए गए हैं, जिससे यात्रियों को बीच रास्ते में ही उतरना पड़ सकता है।

  • खातीपुरा तक संचालन: 24 अक्टूबर को जम्मूतवी से चलने वाली जम्मूतवी-अजमेर (12414) और 25 अक्टूबर को आगराफोर्ट-अजमेर (12195) केवल खातीपुरा स्टेशन तक ही आएंगी। वापसी में (12413 और 12196) ये ट्रेनें अजमेर के बजाय खातीपुरा से ही दिल्ली और जम्मू के लिए रवाना होंगी।
  • जयपुर तक संचालन: नई दिल्ली-दौराई (12015) और जबलपुर-अजमेर (12181) ट्रेनें 25 अक्टूबर को केवल जयपुर स्टेशन तक आएंगी और यहीं से वापस लौटेंगी। यह ट्रेनें जयपुर से दौराई और अजमेर के बीच रद्द रहेंगी।
  • अजमेर तक संचालन: उदयपुर सिटी-जयपुर (12991) और हैदराबाद-जयपुर (17079) ट्रेनें जयपुर नहीं आकर अजमेर तक ही संचालित होंगी। इसके अलावा रेवाड़ी-मदार (19618) फुलेरा तक ही चलेगी।

बदले हुए मार्ग (डायवर्टेड रूट) से चलने वाली ट्रेनें

ब्लॉक की वजह से करीब 8 महत्वपूर्ण ट्रेनों को फुलेरा-डेगाना-जोधपुर-मारवाड़ के रास्ते डायवर्ट किया गया है। मार्ग बदलने के कारण ये ट्रेनें रास्ते में कुचामन सिटी, डेगाना, मेड़ता रोड और जोधपुर स्टेशनों पर तो रुकेंगी, लेकिन अजमेर, किशनगढ़, ब्यावर, सोजत रोड और नरैना स्टेशनों पर इनका ठहराव नहीं होगा।

इन प्रमुख ट्रेनों का बदला रूट

श्रीगंगानगर-बांद्रा टर्मिनस (14701), काठगोदाम-जैसलमेर (15014), वाराणसी-साबरमती (20964), पोरबंदर-दिल्ली सराय (20937), जैसलमेर-काठगोदाम (15013), चंडीगढ़-बांद्रा टर्मिनस (22452), बांद्रा टर्मिनस-श्रीगंगानगर (14702) और गांधीनगर Capital-दौलतपुर चौक (19411) एक्सप्रेस बदले हुए रूट से चलेंगी।


देरी से चलेंगी ये गाड़ियां (रीशड्यूल)

इसके अलावा 25 अक्टूबर को मदार-रेवाड़ी एक्सप्रेस (19617) अपने तय समय से 2 घंटे 10 मिनट की देरी से रवाना होगी। वहीं, अजमेर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस (12983) भी अपने निर्धारित समय से 2 घंटे की देरी से छूटेगी। इसके साथ ही बरेली-भुज एक्सप्रेस (14321) को रास्ते में 10 मिनट रोककर (रेगुलेट) चलाया जाएगा। रेलवे ने आम जनता और यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी परेशानी से बचने के लिए घर से निकलने से पहले रेलवे हेल्पलाइन 139 या आधिकारिक एनटीईएस (NTES) ऐप पर अपनी ट्रेन का करंट स्टेटस जरूर चेक कर लें।