7 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अलवर में बदला मौसम का मिजाज, आंधी-बारिश और ओलावृष्टि के बाद गर्मी से राहत

अलवर जिले में आज यानी 7 मई, गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली है। भीषण गर्मी और तपती धूप के बीच दोपहर बाद आसमान में बादलों ने डेरा डाला और तेज धूल भरी आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। इस बदलाव से पारे में गिरावट आई है और जिले के लोगों को चिलचिलाती गर्मी से सुकून मिला है।

2 min read
Google source verification

राजगढ़ के टहला व आसपास के क्षेत्र में गिरे ओले (फोटो - पत्रिका)

अलवर जिले में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह हल्के बादलों के बीच दिन की शुरुआत हुई, लेकिन दोपहर तक तेज धूप और बढ़ती गर्मी ने लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर दिया। दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और तेज अंधड़ शुरू हो गया। तेज हवाओं के कारण सड़क पर चल रहे वाहन चालकों और राहगीरों को रफ्तार धीमी करनी पड़ी।

कई जगहों पर गिरे ओले

कुछ देर बाद जिले के कई इलाकों में हल्की बारिश शुरू हो गई। राजगढ़, टहला और सकट सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बूंदाबांदी के साथ तेज बारिश दर्ज की गई। सकट, टहला क्षेत्र में बेर के आकार के ओले भी गिरे, जिसके बाद करीब दस मिनट तक झमाझम बारिश होती रही। तेज बारिश से सड़कों पर पानी बह निकला और मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया।


बारिश के बाद चली ठंडी हवाओं और मिट्टी की सौंधी खुशबू ने लोगों को गर्मी से बड़ी राहत दी। हालांकि तेज अंधड़ के चलते कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी आंधी और बारिश की संभावना जताई है।

पारे में गिरावट, लेकिन बिजली ने किया परेशान

इस बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। ठंडी हवाएं चलने के कारण शाम के वक्त लोग पार्कों और घरों की छतों पर नजर आए। हालांकि, तेज आंधी और अंधड़ के कारण शहर और देहात के कुछ हिस्सों में बिजली गुल होने की समस्या भी सामने आई। आंधी की वजह से कई जगहों पर लाइन में फाल्ट आ गया, जिसे बाद में बिजली विभाग की टीमों ने मशक्कत कर ठीक किया।


पिछली बार गिरे थे ओले, अब भी है अलर्ट

गौरतलब है कि अलवर में पिछली बार हुई बारिश के दौरान कई इलाकों में चने के आकार के ओले गिरे थे। इस बार भी मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। विशेषज्ञों के अनुसार वर्तमान में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हुआ है, जिसका असर उत्तर पूर्वी राजस्थान के जिलों में दिख रहा है।

आने वाले दिनों का हाल

मौसम विभाग की मानें तो अलवर में अगले 48 से 72 घंटों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है।
8 मई का पूर्वानुमान: शुक्रवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और दोपहर के बाद धूल भरी हवाएं चलने की पूरी संभावना है।
बारिश और ओलावृष्टि: अगले दो दिनों में जिले के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ फिर से हल्की बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं ओलावृष्टि की आशंका भी जताई गई है।
ऐसे में प्रशासन ने लोगों को आंधी के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। किसानों को भी अपनी कटी हुई फसल सुरक्षित स्थानों पर रखने को कहा गया है।