
Rajasthan Weather Alert राजस्थान में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ ने अलवर जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। मंगलवार सुबह से ही आसमान में काली घटाएं छाई रहीं और करीब 11 बजे गरज-चमक के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया। राजगढ़, सकट और आसपास के ग्रामीण इलाकों में हुई इस बारिश ने सर्दी का अहसास करा दिया है, वहीं दूसरी ओर खेतों में पककर तैयार खड़ी फसल पर संकट के बादल मंडरा दिए हैं।
जिले के सकट कस्बे सहित आसपास के गांवों में मंगलवार सुबह आसमान में तेज गड़गड़ाहट हुई और करीब 15 मिनट तक मध्यम दर्जे की बारिश हुई। अचानक हुई इस तेज बारिश से सड़कों पर पानी बह निकला। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान 27°C और न्यूनतम 17°C के आसपास रहने से लोगों को ठिठुरन महसूस हुई। इस बारिश से अनाज उत्पादक किसान सहमे हुए हैं।
खेतों में इस समय गेहूं की फसल या तो कटकर पड़ी है या पूरी तरह सूखकर कटने को तैयार है। ऐसे नाजुक समय में बारिश किसानों के लिए आफत बनकर आई है। कृषि जानकारों का मानना है कि बारिश से भीगने के कारण गेहूं का दाना काला पड़ सकता है और उसकी चमक फीकी पड़ सकती है।
वजन और दाम: नमी के कारण अनाज के वजन में गिरावट आती है, जिससे बाजार में किसानों को उचित दाम मिलना मुश्किल हो जाएगा।
अंधड़ का डर: यदि बारिश के साथ तेज हवाएं चलती हैं, तो खड़ी फसल जमीन पर बिछ जाएगी, जिससे पूरी मेहनत पर पानी फिर सकता है।
मौसम विभाग ने आज (7 अप्रैल) के लिए प्रदेश के 29 जिलों में अलर्ट जारी किया है। जयपुर, अलवर और पूर्वी राजस्थान में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी गई है कि 70 किमी/घंटा की रफ्तार से अंधड़, तेज बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। विभाग ने किसानों और आमजन को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
8 अप्रैल: बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी।
9 अप्रैल से राहत: गुरुवार से मौसम के शुष्क होने के आसार हैं। आगामी 3-4 दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी, जिससे गर्मी का असर फिर से बढ़ने लगेगा।
फिलहाल, अलवर के आसमान में बादलों का डेरा है और किसानों की नजरें अब आसमान की ओर टिकी हैं, वे बस यही दुआ कर रहे हैं कि कुदरत का यह कहर जल्द थमे।
Published on:
07 Apr 2026 11:51 am
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
