6 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Alwar: भर्तृहरि मेला 2026; अलवर-जयपुर मार्ग पर रूट डायवर्ट, पांडुपोल में पैदल जाना होगा

अलवर में सितंबर में लगने वाले पांडुपोल और बाबा भर्तृहरि मेले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक प्लान जारी किया गया है। भर्तृहरि मेले के दौरान अलवर-जयपुर मार्ग पर रूट डायवर्ट रहेगा, जबकि पांडुपोल में श्रद्धालुओं को पैदल मंदिर तक जाना होगा।
2 min read
Google source verification
bhartrihari mela 2026

अलवर जिले के प्रसिद्ध पांडुपोल हनुमानजी महाराज और बाबा भर्तृहरि महाराज मेले को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। हर साल लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए इस बार भी सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रशासन ने ट्रैफिक प्लान भी तय कर दिया है, जिसके तहत भर्तृहरि मेले के दौरान अलवर-जयपुर मार्ग पर वाहनों का रूट डायवर्ट किया जाएगा।

14 सितंबर से मेला शुरू

अलवर जिला प्रशासन के अनुसार 14 से 16 सितंबर तक पांडुपोल हनुमानजी महाराज का मेला और 17 से 19 सितंबर तक बाबा भर्तृहरि महाराज का मेला आयोजित होगा। दोनों मेलों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसी को देखते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय बीना महावर की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित कर सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

ये रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था

पांडुपोल मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए रोडवेज बसों की पार्किंग उमरी तिराहा, टहला गेट और काली घाटी गेट के आसपास की जाएगी। वहीं, दोपहिया वाहनों को सरिस्का गेट के बाहर ही पार्क करना होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उमरी तिराहे से पांडुपोल हनुमान मंदिर तक श्रद्धालुओं को पैदल जाना होगा। इससे मंदिर क्षेत्र में भीड़ और वाहनों का दबाव कम रहेगा।

वाहनों का रूट डायवर्ट किया

वहीं, बाबा भर्तृहरि मेले के दौरान अलवर-जयपुर मार्ग पर विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। भारी भीड़ को देखते हुए कई वाहनों का रूट डायवर्ट किया जाएगा, ताकि यातायात सुचारु बना रहे और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। प्रशासन जल्द ही विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान भी जारी करेगा।

मेले के सफल संचालन के लिए प्रशासन ने अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी तय कर दी हैं। पांडुपोल मेले के लिए एसडीएम थानागाजी को मेला मजिस्ट्रेट और बाबा भर्तृहरि मेले के लिए एसडीएम मालाखेड़ा को मेला मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। दोनों अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।

बैठक में अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, सफाई, बिजली, पार्किंग और यातायात प्रबंधन की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन का लक्ष्य है कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित दर्शन की सुविधा मिले। श्रद्धालुओं से भी प्रशासन की ओर से जारी ट्रैफिक प्लान का पालन करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की अपील की गई है।