10 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अलवर के विकास को रफ्तार: केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने ली हाई-लेवल बैठक, 10 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट्स पर हुआ मंथन

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव की अध्यक्षता में रविवार को अलवर के मिनी सचिवालय में विकास कार्यों का खाका तैयार किया गया। मुख्य सचिव और तीन जिलों के कलेक्टर्स के साथ हुई इस उच्च स्तरीय बैठक में 10 हजार करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स की समीक्षा की गई, ताकि क्षेत्र की सूरत बदली जा सके।

2 min read
Google source verification
alwar news

महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाई गई स्टॉल्स का अवलोकन

अलवर संसदीय क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाई देने के लिए रविवार को मिनी सचिवालय के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव की अगुवाई में आयोजित इस बैठक में न केवल मौजूदा प्रोजेक्ट्स की प्रगति जांची गई, बल्कि भविष्य की योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, वन राज्यमंत्री संजय शर्मा, प्रभारी सचिव रवि जैन सहित अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ जिलों के कलेक्टर्स व पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे।

10 हजार करोड़ के बजट पर हुई चर्चा

बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु आवंटित करीब 10 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य रहे। अलवर, खैरथल-तिजारा व कोटपूतली क्षेत्र के करीब 10 हजार करोड़ रूपये के डेवलपमेंट के कई बड़े प्रोजेक्ट्स फिलहाल प्रक्रिया में हैं। भूपेंद्र यादव ने बारी-बारी से हर प्रोजेक्ट की फाइल देखी और उनमें आ रही तकनीकी या प्रशासनिक बाधाओं को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विकास कार्यों को तय समय (टाइमलाइन) के भीतर पूरा करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है, ताकि जनता को इनका लाभ जल्द मिल सके।

महिला सशक्तिकरण और स्थानीय उत्पादों पर जोर

इस दौरान केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने मिनी सचिवालय परिसर में 'राजीविका' के महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाई गई स्टॉल्स का अवलोकन किया। उन्होंने स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना की और अधिकारियों से कहा कि इन समूहों को बड़े बाजार तक पहुंच बनाने में मदद की जाए। साथ ही मंत्री ने अंबेडकर सर्किल पहुंचकर बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।


जनता के बीच पहुंचे मंत्री, सुनी समस्याएं

विकास कार्यों की समीक्षा के अलावा भूपेंद्र यादव ने अंबेडकर नगर स्थित कार्यालय में 'जनसंवाद' कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में पहुंचे आम नागरिकों ने अपनी समस्याएं और परिवेदनाएं मंत्री के समक्ष रखीं। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निस्तारण के आदेश दिए। साथ ही, नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने जनता के स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया।

बैठक के दौरान वन राज्यमंत्री संजय शर्मा और क्षेत्रीय विधायकों ने भी अपने सुझाव दिए। इस हाई-प्रोफाइल बैठक से यह साफ हो गया है कि आने वाले समय में अलवर, खैरथल और कोटपूतली क्षेत्र में सड़क, पानी, शिक्षा और वन संरक्षण से जुड़े कार्यों में तेजी आएगी। सरकार का लक्ष्य है कि रुके हुए प्रोजेक्ट्स को जल्द से जल्द पास करवाकर धरातल पर उतारा जाए।