
फोटो- पत्रिका
संजना जाटव के भरतपुर सांसद बनने से खाली हुई अलवर जिला पार्षद सीट पर रविवार को उपचुनाव हुए। इसमें भाजपा प्रत्याशी मुन्नी देवी ने कांग्रेस प्रत्याशी चेतराम जाटव को हराया। मुन्नी बाई को 6 हजार 437 वोट मिले। वहीं चेतराम को 5 हजार 157 वोट मिले। गौरतलब है कि दिनभर प्रचंड गर्मी रहने के कारण 47,483 मतदाताओं में से 11,672 ने ही वोट डाले।
कठूमर के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 29 जिला परिषद सदस्य के लिए मतदान सुबह सात बजे से शुरू हो गया था। शुरूआत में 9 बजे तक मतदाता घरों से बाहर निकले, लेकिन सूरज ने तेज दिखाना शुरू किया तो लोग घरों में कैद हो गए। वार्ड नंबर 29 के इस उपचुनाव में शाम पांच बजे तक महज 24.58 फीसदी लोगों ने ही मतदान किया। गर्मी के कारण मतदाता घरों से बाहर नहीं निकले।
उपखंड अधिकारी श्याम सुंदर चेतीवाल ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण हुआ है। गौरतलब है कि उपचुनाव में यहां से कांग्रेस व भाजपा में टक्कर है। कांग्रेस ने चेतराम जाटव और भाजपा ने मुन्नी देवी बैरवा पर दांव लगाया है।
वहीं, पंचायत समिति मालाखेडा के सदस्य के रूप में निर्वाचन क्षेत्र संख्या 16 के लिए मतगणना मालाखेड़ा में हुई। यहां भाजपा के भारत सिंह जाट को 522 और निर्दलीय प्रत्याशी- भोमराज को 1132 वोट मिले। यहां निर्दलीय प्रत्याशी 610 वोट से जीता है।
Updated on:
09 Jun 2025 02:56 pm
Published on:
09 Jun 2025 02:56 pm
