
तिहाड़ जेल से फरार होने के बाद अलवर भी आया था चार्ल्स शोभराज
- कोतवाली थाना पुलिस ने शहर के बैंक कॉलोनी से बरामद की थी चार्ल्स शोभराज की कार
अलवर. नेपाल जेल से 19 साल बाद रिहा हुए सीरियल किलर चार्ल्स शोभराज का अलवर (राजस्थान) से भी कनेक्शन रहा है। दिल्ली की तिहाड़ जेल से भागने के बाद चार्ल्स शोभराज फरारी काटने के लिए अलवर आया था। अलवर पुलिस ने शोभराज की कार को शहर के बैंक कॉलोनी से बरामद किया था, लेकिन शोभराज अलवर पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा।
सीरियल किलर चार्ल्स शोभराज वर्ष-1986 में दिल्ली की तिहाड़ जेल से फरार हो गया था। शोभराज को पकड़ने के लिए दिल्ली सहित आसपास के क्षेत्र में पुलिस को अलर्ट कर दिया गया था। शोभराज दिल्ली से गहरे पीले रंग की फीएट कार में सवार होकर भागा था और फरारी काटने के लिए अलवर (राजस्थान) आया था। जिला कलक्टर निवास के सामने बैंक कॉलोनी में शोभराज की कार का रेडिएटर खराब हो गया था और कार बंद हो गई। जिसके कारण वह कार को लावारिस हालत में छोड़कर वहां से फरार हो गया। चार्ल्स शोभराज की कार के बारे में पता चलते ही तत्कालीन अलवर शहर कोतवाल रमेशचंद शर्मा पुलिस जाप्ते के साथ वहां पहुंचे और कार को जब्त कर थाने ले आए। इसके बाद पुलिस ने अलवर में शोभराज की तलाश भी की, लेकिन शोभराज पुलिस के हाथ नहीं लगा।
कई साल तक कोतवाली थाने में खड़ी रही थी कार
बिकनी किलर के नाम से कुख्यात चार्ल्स शोभराज की गहरे पीले रंग की फीएट कार कई साल तक अलवर शहर कोतवाली थाने में खड़ी रही थी। कार यहां खड़ी-खड़ी कंडम हो गई थी। बाद में पुलिस ने उक्त कार को डिस्पोजल कर दिया था।
पत्रिका ने किया था सबसे पहले खुलासा
चार्ल्स शोभराज ने दुनियाभर में यात्रा की। इस दौरान वह हिप्पी यात्रियों को निशाना बनाने लगा। वह महिला पर्यटकों के डि्रंक्स में नशीला पदार्थ मिला देता था और फिर उनकी हत्या कर देता था। शोभराज पर करीब 20 हत्याओं के आरोप लगे। कई देशों में वह गिरफ्तार हुआ, लेकिन वह कभी जेल से फरार हो गया तो कभी रिश्वत देकर जेल से बाहर आ गया। वर्ष 1986 में जब अलवर में चार्ल्स शोभराज के आने का खुलासा हुआ तो हंडकम्प सा मच गया था। शोभराज के अलवर आने और शहर कोतवाली थाना पुलिस द्वारा उसकी कार बरामद करने का खुलासा सबसे पहले राजस्थान पत्रिका ने ही किया था।
Published on:
24 Dec 2022 10:15 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
