
कांग्रेस दौड़ाएगी ‘करंट’, भाजपा डालेगी ‘जंफर’
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का ‘करंट’ घर-घर दौड़ाने की तैयारी में कांग्रेस, भाजपा डालेगी ‘जंफर’
राजस्थान से सम्बंधित ताजा समाचारों के लिए यहाँ क्लिक करें: Rajasthan Hindi News
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का असर भले ही प्रदेश में कम दिखा हो लेकिन अलवर में इस यात्रा ने वोटरों में खूब करंट दौड़ाया। यही कारण रहा कि यहां पार्टी ने 6 विधानसभा सीटों पर कब्जा जमा लिया। कुछ अन्य सीटों पर भी इस यात्रा का प्रभाव गया, जहां कम अंतर से ही कांग्रेस हारी। अब लोकसभा चुनाव में कांग्रेस इसी यात्रा के करंट को फिर से घर-घर दौड़ाने की तैयारी में है ताकि सीटों पर कांग्रेस की रोशनी हो जाए। वहीं भाजपा भी इसकी काट निकाल रही है। कांग्रेस की इसी बिजली की लाइन पर जंफर डालने की तैयारी हो रही है। भाजपा के कार्यकर्ता वोटरों के घरों पर पड़ाव डालने की तैयारी में हैं।
यह भी पढ़ें : राजस्थान में बारिश के साथ होगी ओलावृष्टि
करीब एक साल पहले 19 और 20 दिसंबर 2022 को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अलवर जिले से होकर गुजरी। राहुल गांधी ने पूरे भारतवर्ष में यह यात्रा निकाली थी। हजारों किलोमीटर तक यह यात्रा चली। 19 दिसंबर को इस यात्रा ने दौसा जिले से अलवर जिले में प्रवेश किया। सबसे पहले यह यात्रा विधानसभा क्षेत्र राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ में प्रवेश हुई। इसके बाद यात्रा अलवर ग्रामीण में होकर गुजरी। यहां मालाखेड़ा में राहुल गांधी की सभा भी हुई, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कांग्रेस के सभी बड़े नेताओं ने भाग लिया। इसके बाद यात्रा अलवर शहर में आई और फिर रामगढ़ होते हुए 21 दिसंबर को हरियाणा में प्रवेश कर गई।
यह यात्रा जिन विधानसभा क्षेत्र में होकर गुजरी उनमें से केवल अलवर शहर में ही कांग्रेस को जीत नहीं मिली, लेकिन यहां भी पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में कांग्रेस ने जबरदस्त वोट हासिल किया। राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ और इससे सटे थानागाजी में कांग्रेस ने जीत दर्ज की। इसके अलावा अलवर ग्रामीण और रामगढ़ की सीट पर भी कांग्रेस जीत गई। इसके अलावा जिले की दो अन्य सीट मुंडावर और किशनगढ़बास भी कांग्रेस ने जीत ली। तिजारा और कठूमर में हार का मार्जिन बहुत कम रहा। अब राहुल गांधी दोबारा न्याय यात्रा निकाल रहे हैं। इस यात्रा से कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा को जोड़ रही है ताकि उसका करंट वोटरों में बना रहे।
भाजपा ने भले ही प्रदेश में सरकार बनाई हो लेकिन अलवर में लोकसभा सीट के लिए राह आसान नहीं है। राजनीतिक पंडित बताते हैं कि बड़े नेताओं की यात्राओं का असर काफी समय तक रहता है। ऐसे में कांग्रेस को भारत जोड़ो यात्रा का लाभ इस चुनाव में भी मिल सकता है। इसी को देखते हुए भाजपा ने पूरी तैयारी शुरू कर दी है। कार्यकर्ताओं का वोटरों के घरों पर पड़ाव होगा। जिला पदाधिकारियों की मोहल्लों व वार्डों में सभाएं होंगी। चुनाव से पहले बड़े नेताओं की जनसभाएं या फिर यात्राएं होंगी। भाजपा विधानसभा में कम मिली सीटों का बदला लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज करके लेना चाहती है। उसी के मुताबिक जिले में प्रवासी सांसदों व विधायकों की ड्यूटी लगाने की तैयारी चल रही है।
Published on:
05 Jan 2024 11:32 am
