21 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

epaper_icon

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

Rajgarh Accident: राजगढ़ में बेकाबू डंपर ने दो बाइकों को रौंदा, एक की मौत और चार गंभीर घायल

अलवर के राजगढ़-टहला रोड पर श्रीचन्दपुरा चेकपोस्ट के पास सड़क हादसे में तेज रफ्तार डंपर ने आगे चल रही दो मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
2 min read
Google source verification
Rajgarh Accident

राजगढ़ अस्पताल (फोटो - पत्रिका)

Rajgarh Accident: राजगढ़-टहला सड़क मार्ग पर श्रीचन्दपुरा चेकपोस्ट के पास एक बेकाबू डंपर काल बनकर आया। डंपर ने आगे जा रही दो अलग-अलग बाइकों को इतनी बेरहमी से टक्कर मारी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर एक मोटरसाइकिल को काफी दूर तक घसीता हुआ ले गया। इस हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही सांसें टूट गईं, जबकि दो बाइकों पर सवार चार अन्य लोग लहूलुहान हो गए।

राजगढ़ पुलिस थाने के सब-इंस्पेक्टर (SI) दौलतसिंह ने बताया कि हादसे का शिकार हुए लोग अलग-अलग कामों से निकले थे। पहली बाइक पर मालाखेड़ा क्षेत्र के चौमू गांव निवासी थानसिंह (24) और उसका साथी भूपेन्द्र सिंह (32) सवार थे। दोनों तालाब गांव के पास टाइल फिटिंग का काम खत्म करके बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे।


वहीं दूसरी बाइक पर खेड़ली थाना क्षेत्र के कटहड़ा निवासी दो सगे भाई राजेश (40) और मुकेश (35) अपने साले दिनेश (29) के साथ जा रहे थे। दिनेश मल्लाना गांव का रहने वाला था। ये तीनों मल्लाना से रैणी कस्बे में एक नई मोटरसाइकिल खरीदने के लिए निकले थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। जैसे ही दोनों बाइक श्रीचन्दपुरा चेकपोस्ट के पास पहुंचीं, पीछे से आ रहे डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

घायलों की हालत नाजुक, अलवर रेफर

हादसे की सूचना मिलते ही राजगढ़ डीएसपी देशराज कुलदीप और थानाधिकारी नेकीराम चौधरी पुलिस जाप्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। डॉक्टरों ने घायल थानसिंह, भूपेन्द्र सिंह, राजेश और मुकेश का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत बेहद नाजुक होने के कारण चारों को तुरंत अलवर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।

नई बाइक खरीदने की खुशियां मातम में बदलीं

इस हादसे में मल्लाना निवासी दिनेश बलाई की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने दिनेश के शव को राजगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में रखवा दिया है, जिसका पोस्टमार्टम आज सोमवार को किया जाएगा। घटना के बाद आरोपी डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। नई बाइक खरीदने जा रहे परिवार में इस हादसे के बाद खुशियां मातम में बदल गई हैं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।