
अलवर. वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने वन पर्यावरण विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा के बाद सोमवार को कई घोषणाएं की। इसमें अलवर के अलावा धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर में रेपिड रेस्पॉन्स टीम के गठन की घोषणा की गई है। साथ ही, प्रत्येक जिले में वन्यजीवों के रेस्क्यू के लिए 90 लाख रुपए का आवंटन किया गया है। इस पैसे से एक वाहन और आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था की है।
इसी तरह राजस्थान वानिकी एवं वन्यजीव प्रशिक्षण संस्थान अलवर शाखा की ओर से युवाओं को नेचर गाइड का प्रशिक्षण दिया जाएगा जो रोजगार प्राप्त करने में सहायक होगा। प्रत्येक जिले में दो श्रीराम वाटिका बनाने और एक जिला एक प्रजाति कार्यक्रम के तहत प्रत्येक जिले की निर्धारित प्रजाति का बीज वन स्थापित करने की भी घोषणा शर्मा ने विधानसभा में की।
460 मोटरसाइकिल की होगी खरीद
शर्मा ने बाघ परियोजना क्षेत्र में कार्यरत अधीनस्थ सेवा के प्रत्येक संवर्ग के एक कर्मचारी के प्रत्येक वर्ष प्रशंसनीय कार्य करने पर राज्य स्तर पर पुरस्कृत करने की घोषणा की। वन विभाग में कार्यरत फील्ड स्टाफ को दूरस्थ एवं दुर्गम वन क्षेत्रों में गश्त व निगरानी के लिए वित्तीय वर्ष में 460 मोटरसाइकिल भी खरीदी जाएगी। वन और वन्यजीवों की सुरक्षा व वन अपराधों की रोकथाम के लिए क्षेत्रीय वन अधिकारी एवं वनपाल को ग्लोव पिस्टल तथा प्रत्येक नाके पर दाे एसएलआर राइफल इस वित्तीय वर्ष में उपलब्ध कराई जाएगी। रेंज ऑफिसर्स को 202 बोलेरो या बोलेरो कैम्पर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
Published on:
24 Feb 2026 11:03 am
