
अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ (फोटो - पत्रिका)
राजस्थान के खैरथल जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खैरथल थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हरसौली क्षेत्र में चल रही अवैध अफीम की खेती पर करवाई करते हुए एक खेत से बड़ी मात्रा में अफीम के पौधे जब्त किए हैं और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिले में अवैध नशे के कारोबार पर नकेल कसने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह के निर्देशन और खैरथल थाना अधिकारी रामकिशन यादव के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने हरसौली क्षेत्र में छापेमारी की। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां एक खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने खेत की घेराबंदी कर जांच की, तो वहां गेहूं की फसल के बीच अफीम के पौधे लहलहाते मिले।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खेत से कुल 5050 छोटे-बड़े अफीम के पौधे उखाड़कर जब्त किए। जब्त किए गए इन अफीम के पौधों का कुल वजन लगभग 393 किलोग्राम मापा गया है। पुलिस ने मौके पर मौजूद आरोपी ओमी पुत्र जगदीश प्रसाद (दत्तक पुत्र प्रभो), निवासी हरसौली को हिरासत में ले लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि यहां लंबे समय से क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती की जा रही थी। पुलिस अब आरोपी से सख्ती से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और तैयार अफीम को कहां-कहां सप्लाई किया जाता था। गिरफ्तार आरोपी ओमी के खिलाफ खैरथल थाना में मुकदमा नंबर 99/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धारा 8/18 में प्रकरण दर्ज किया गया है। यह मामला 18 मार्च 2026 की रात्रि को पंजीबद्ध किया गया।
हरसौली में अफीम की खेती का भंडाफोड़ होना खैरथल पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इस कार्रवाई से न केवल अवैध अफीम की खेती पर रोक लगेगी, बल्कि नशे के कारोबारियों में भी भय का माहौल पैदा होगा। जिला पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई करने वाली टीम की पीठ थपथपाई है। पुलिस ने साफ किया है कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
Published on:
19 Mar 2026 02:27 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
