
राजगढ़. टहला थाना क्षेत्र के डांगरवाडा गांव के बाडान का बास में मंगलवार सुबह मोबाइल का चार्जर लगाते समय विद्युत करंट लगने से एक युवक की मृत्यु हो गई।
ग्रामीण सुरेन्द्र कुमार शर्मा, शिवदयाल शर्मा, रवि शर्मा आदि ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब सवा छह बजे डांगरवाडा गांव के बाडान का बास में मोनू शर्मा (22) पुत्र रामहेत शर्मा अपने घर में मोबाइल का चार्जर लगाकर स्विच को बन्द करते समय विद्युत करंट लगने से गम्भीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए राजगढ़ चिकित्सालय लाया गया। जहां चिकित्सकों ने मोनू शर्मा को मृत घोषित कर दिया। कुछ समय बाद गांव से आए ग्रामीणों ने मोनू शर्मा को देखा तो उन्होंने श्वास चलने की बात कहकर चिकित्सकों को बुलाया। जिस पर चिकित्सकों ने मृतक की ईसीजी करवाई। इसके बाद परिजन मोनू को अलवर ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत बताया। इसके बाद परिवारजन मृतक को वापस राजगढ़ चिकित्सालय लेकर आए। जहां पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करा शव परिवारजनों को सौंप दिया।
डांगरवाडा निवासी रमेश चन्द शर्मा ने टहला पुलिस को रिपोर्ट पेश कर बताया कि विद्युत निगम की ओर से लगाए गए ट्रांसफार्मर में थ्री फेस हो जाने के कारण विद्युत खंभे व ट्रांसफार्मर में करंट आ रहा था। इसकी सूचना विद्युत निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कई बार दी गई। विद्युत निगम के सहायक अभियन्ता व अधिशाषी अभियन्ता को लिखित, मौखिक रूप से सूचना ग्रामीणों की ओर से भी दी गई। लेकिन विद्युत निगम के कर्मचारियों व अधिकारियों ने ट्रांसफार्मर को ठीक नहीं किया ना ही फेसों को अलग किया। जिससे गांव के कई घरों में विद्युत उपकरण फुंक गए व करंट आ गया। मंगलवारको सुबह करीब छह बजे उसका भतीजा मोनू शर्मा पुत्र रामहेत घर में स्विच को बन्द कर रहा था। उसी समय विद्युत प्रवाह तेज होने के कारण उसे करंट लग गया। जिसे उपचार के लिए राजगढ़ चिकित्सालय लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसके भतीजे मोनू शर्मा को मृत घोषित कर दिया। यह घटना विद्युत निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही से घटित हुई है।
अधिशासी अभियन्ता को सुनाई खरी-खरी
डांगरवाडा गांव के बाडान निवासी मोनू शर्मा की विद्युत करंट से मृत्यु हो जाने पर आक्रोशित ग्रामीण राजगढ़ कस्बे के विद्युत वितरण निगम के अधिशासी अभियन्ता कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने अधिशासी अभियन्ता को जमकर खरी-खोटी सुनाई। ग्रामीणों का आरोप था कि कई बार शिकायत किए जाने के बाद भी विद्युत ट्रांसफार्मर को सही नहीं किया गया जिसके परिणामस्वरूप युवक की मृत्यु हुई है। ग्रामीणों ने तकनीकी सहायक योगेश कुमार मीना पर रुपए लेकर कार्य करने का ग्रामीणों ने आरोप लगाया । ग्रामीणों ने तकनीकी सहायक, सहायक व कनिष्ठ अभियन्ता के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही रैणी तहसीलदार आकाश रंजन शर्मा, नायब तहसीलदार रामप्रताप शर्मा व कोतवाल रमेश चन्द सिनसिनवार पुलिस जाब्ते के साथ अधिशासी अभियन्ता कार्यालय पहुंचे। जहां आक्रोशित ग्रामीणों को समझाइश का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। इस पर लाइनमैन योगेश कुमार मीना का निलम्बन आदेश निकालने के बाद ग्रामीण शान्त हुए। इसके बाद ग्रामीणों ने तहसीलदार आकाश रंजन को उपखण्ड अधिकारी के नाम का ज्ञापन सौंपकर एईएन, जेईएन के विरूद्ध कार्रवाई करने की मांग की। इस पर तहसीलदार ने आक्रोशित ग्रामीणों को सहायक अभियन्ता व कनिष्ठ अभियन्ता के विरूद्ध जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। करीब डेढ घंटे तक चला हंगामा शान्त हो पाया।
मृतक की 17 को होनी थी शादी
डांगरवाडा के बाडान का बास निवासी मोनू शर्मा व उसके भाई मनीष शर्मा की 17 फरवरी को शादी होना तय था। 13 फरवरी को दोनो भाईयों का लग्न टीका आना था। मृतक मोनू शर्मा की करंट लगने से मृत्यु हो जाने से खुशी का माहौल मातम में बदल गया। गांव में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि शादी समारोह के कार्ड वितरिए किए जा चुके है। परिवारजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।
Published on:
7 Feb 2018, 9:37 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.