
अदिति वार्ष्णेय और माधव भारद्वाज
Marriage of IAS Madhav Bhardwaj and Aditi Varshney in Alwar शादियां अक्सर तामझाम और भव्य आयोजनों के लिए जानी जाती हैं, लेकिन अलवर में बुधवार को एक ऐसी शादी हुई, जिसकी हर कोई तारीफ कर रहा है। वर्ष 2023 बैच के आईएएस अधिकारी माधव भारद्वाज (राजस्थान कैडर) और अदिति वार्ष्णेय (गुजरात कैडर) ने अलवर जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला के समक्ष कलक्टर कोर्ट में विवाह पंजीकृत कर एक-दूजे का हाथ थाम लिया। समारोह में केवल परिवारजन और करीबी लोग मौजूद रहे। यह विवाह नई पीढ़ी के अफसरों का संदेश है कि असली भव्यता रिश्तों की सच्चाई और साझा मूल्यों में होती है, न कि दिखावे में।
राजस्थान कैडर के 2023 बैच के आईएएस अधिकारी माधव भारद्वाज वर्तमान में अलवर में एसडीओ एवं एसडीएम के पद पर कार्यरत हैं। वे फिलहाल सहायक कलेक्टर (प्रशिक्षणार्थी) के रूप में प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। अलवर में नियुक्ति से पूर्व वे भारत सरकार के उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्रालय, नई दिल्ली में सहायक सचिव के रूप में कार्य कर चुके हैं।
दिव्यांग माधव भारद्वाज ने अपने दूसरे प्रयास में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की और अखिल भारतीय रैंक 536 प्राप्त कर 2023 बैच में आईएएस अधिकारी बने। उन्हें राजस्थान कैडर आवंटित किया गया और मात्र 27 वर्ष की आयु में उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।
अदिति वार्ष्णेय उत्तर प्रदेश के बरेली की निवासी हैं और 2023 में पहले प्रयास में 57वीं रैंक (आईएएस) हासिल की। वे वर्तमान में गुजरात के जामनगर में प्रांत अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। वहीं, उत्तराखंड के मसूरी निवासी माधव ने 536वीं रैंक प्राप्त की और कॉरपोरेट करियर छोड़ प्रशासनिक सेवा चुनी।
Published on:
18 Feb 2026 06:51 pm
