
अब सिलीसेढ़ की तरह सागर जलाशय में भी जल्द चलेगी बोट
सिलीसेढ़ की तर्ज पर सागर में भी पर्यटकों के लिए नगर निगम की ओर से नाव चलवाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए जल्द टेंडर प्रक्रिया होगी। इसके जरिए निगम को आय बढ़ने की उम्मीद है। इसके साथ ही यहां देशी-विदेशी पर्यटकों की संख्या भी बढ़ेगी। इससे पहले निगम की ओर से सागर जलाशय की सफाई कराई जाएगी। जिससे यह ऐतिहासिक सागर जलाशय पर्यटकों को आकर्षित कर सके।
यहां आते हैं पर्यटक : देशभर से देशी व विदेशी पर्यटक अलवर में सरिस्का, मूसी महारानी की छतरी, म्यूजियम, बाला किला व सिलीसेढ़ झील के अलावा अरावली की पहाड़ियों के नीचे बने सागर जलाशय का सौंदर्य भी देखने आते हैं। वर्तमान में सागर की स्थिति दयनीय है। इसमें कचरा जमा है। पानी से दुर्गंध उठ रही है। ऐसे में पर्यटक यहां नहीं ठहर पाते। पर्यटकों के बीच एक संदेश भी गलत जा रहा है।
हो चुके सफाई के प्रयासमूसी महारानी की छतरी के पास बने इस सागर की सफाई के लिए प्रयास हुए। तीन साल पहले कार्य हुआ लेकिन आज हालत खराब है। नगर निगम ने अब इस सागर को आय बढ़ाने का जरिया बनाने का प्लान बनाया है। सागर के आसपास बैठने के लिए भी सुविधा करने की तैयारी है।
इनका कहना है
सागर जलाशय की सफाई के लिए व्यवस्था की जा रही है। इसमें नाव चलवाएंगे। इसके लिए खाका बन रहा है। छोटी नाव के जरिए लोग घूम सकेंगे। प्रथम चरण में चार से पांच नाव की व्यवस्था होगी। नावों का संचालन टेंडर के जरिए होगा। इसका पूरा प्लान जल्द लॉंच हो जाएगा।
मनीष कुमार, आयुक्त नगर निगम अलवर।
Published on:
18 Feb 2024 11:52 am
