8 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Alwar: धूप में बैठकर ट्रेनिंग लेने को मजबूर कर्मचारी, अलवर में कल होगी वोटिंग

अलवर नगर निगम सहित चार नगर पालिकाओं में बुधवार को होने वाले निकाय चुनाव के लिए मतदान दलों को मंगलवार को अंतिम ट्रेनिंग देकर रवाना किया जा रहा है। अलवर में 249 बूथों पर मतदान होगा। कला कॉलेज में कर्मचारियों को ईवीएम और मतदान सामग्री दी गई, लेकिन छांव की व्यवस्था बिगड़ने से परेशानी हुई।
2 min read
Google source verification
Election preparations

मतदान दलों की ट्रेनिंग (फोटो - पत्रिका)

अलवर नगर निगम सहित रामगढ़, नौगावां, मालाखेड़ा और बहादरपुर नगर पालिकाओं में निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। मंगलवार को मतदान दलों को अंतिम ट्रेनिंग देने के बाद संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जा रहा है। इन निकायों में चुनाव कराने के लिए करीब 329 मतदान दल लगाए गए हैं।

अलवर नगर निगम में सबसे ज्यादा 65 वार्ड हैं। यहां 249 बूथों पर मतदान कराया जाएगा। कला कॉलेज में मतदान दलों को अंतिम ट्रेनिंग दी गई। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद कर्मचारियों को ईवीएम और मतदान के लिए जरूरी सील व अन्य सामग्री उपलब्ध कराकर रवाना किया गया। पुलिस अधिकारियों ने भी मतदान दलों के साथ पुलिस टीमों को रवाना किया, ताकि मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान

पहले चरण में बुधवार, 9 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। अलवर नगर निगम के अलावा रामगढ़, नौगावां, मालाखेड़ा और बहादुरपुर नगर पालिकाओं के कुल 165 वार्डों में मतदान कराया जाएगा। इन नगर पालिकाओं में मतदान कराने वाले दलों को संबंधित उपखंड क्षेत्रों में ही ट्रेनिंग देकर मतदान केंद्रों के लिए भेजा गया है।


धूप में बैठकर ट्रेनिंग लेने को मजबूर कर्मचारी

अलवर के कला कॉलेज में मतदान दलों की ट्रेनिंग के दौरान कर्मचारियों को अव्यवस्थाओं का सामना भी करना पड़ा। कर्मचारियों के लिए छांव की व्यवस्था के लिए लगाया गया टेंट रात में आए अंधड़ और बारिश में उड़ गया। इसके बाद मंगलवार को कर्मचारियों को तेज धूप में बैठकर ट्रेनिंग लेनी पड़ी।

छांव नहीं होने के कारण कई कर्मचारी आसपास उपलब्ध गत्ते और अन्य सामग्री को सिर के ऊपर रखकर धूप से बचते नजर आए। कर्मचारियों का कहना था कि गर्मी काफी तेज है और यहां बैठने के लिए पर्याप्त छांव की व्यवस्था नहीं है। लंबे समय तक धूप में बैठने से उन्हें परेशानी हुई।

इसके बावजूद मतदान दलों को चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी जरूरी जानकारी दी गई। कर्मचारियों को ईवीएम के संचालन, मतदान प्रक्रिया, सील लगाने और मतदान के बाद मशीन व रिकॉर्ड जमा कराने से जुड़ी प्रक्रिया समझाई गई।

अब सभी मतदान दल अपने-अपने बूथों पर पहुंचेंगे। बुधवार सुबह 7 बजे मतदान शुरू होगा और शाम 6 बजे तक चलेगा। चुनाव को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से भी मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं पूरी करने का दावा किया गया है।