7 सितंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Alwar News : उम्रकैद की सजा काट रहा बंदी अलवर जेल से फरार, सुबह हाजिरी में चला पता, देर रात किया गिरफ्तार

Alwar News : केन्द्रीय कारागृह में आजीवन कारावास की सजा काट रहा एक बंदी रविवार सुबह खुली जेल से फरार हो गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए रविवार देर रात को लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र से दबोचा लिया।
2 min read
Google source verification
alwar jail prisoner serving life sentence escapes arrested

Alwar News : अलवर जेल का दृश्य। फाइल फोटो पत्रिका

Alwar News : केन्द्रीय कारागृह में आजीवन कारावास की सजा काट रहा एक बंदी रविवार सुबह खुली जेल से फरार हो गया। सुबह नियमित हाजिरी के दौरान उसके गायब मिलने पर जेल प्रशासन को उसके फरार होने का पता चला। इसके बाद अलवर पुलिस ने तलाश शुरू की और रविवार रात करीब 9 बजे उसे लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र के समीप से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सोमवार को बंदी को न्यायालय में पेश किया।

जानकारी के अनुसार गोपाल उर्फ रामगोपाल पुत्र किशनलाल निवासी ग्राम नांगल रूपा थाना धौलागढ़ देवी हत्या और आयुध अधिनियम के मामले में सजा काट रहा है। अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश, कठूमर ने उसे दोषी ठहराते हुए 23 सितंबर, 2022 को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। रविवार सुबह नियमित हाजिरी में उसकी गैर मौजूदगी सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने उसके आवास गृह की जांच की, लेकिन वह वहां भी नहीं मिला। इसके बाद शिविर के आस-पास उसकी तलाश की गई।

कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया

जेल प्रशासन ने बंदी के रिकॉर्ड में दर्ज मोबाइल नंबर पर भी संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल पर इनकमिंग कॉल चालू नहीं होने के कारण उससे संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई और कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया।

गांव के रास्ते पुलिस ने किया गिरफ्तार

पुलिस ने बंदी की तलाश शुरू की और रविवार रात करीब 9 बजे लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र के समीप से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार जेल से फरार होने के बाद गोपाल उर्फ रामगोपाल अपने गांव जा रहा था। इस दौरान पुलिस ने उसे रास्ते से गिरफ्तार कर लिया।

कमरे का ताला तोड़कर 1.75 लाख नकद व सोने का लॉकेट चोरी

अलवर के एनईबी थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में चोर कमरे का ताला तोड़कर 1 लाख 75 हजार रुपए नकद और आधा तोला सोने का लॉकेट चोरी कर ले गए। पीड़ित सुरेश चंद यादव ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया है कि वह पेट्रोल पंप पर काम करता है। एक सितंबर को शाम करीब 5 बजे वह अपने कमरे से ड्यूटी के लिए गया था। उसकी पत्नी व बच्चे भी ससुराल थे। रात की ड्यूटी पूरी करने के बाद अगले दिन 2 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे घर लौटा था। इससे पहले मकान मालिक ने फोन कर कमरे का ताला टूटा होने और चोरी होने की जानकारी दी थी।

जब वह कमरे पर पहुंचा, तो सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर बेड के अंदर रखें 1.50 लाख रुपए, बैग में रखे 22 हजार रुपए और एक छोटे बैग में रखे 3 हजार रुपए गायब मिले। इसके अलावा करीब आधा तोला सोने का लॉकेट भी गायब था।