
Alwar Crime: सेल्समैन से बहस करता युवक (फोटो-सीसीटीवी शॉट)
अलवर। शहर में दिनदहाड़े पेट्रोल पंप पर सेल्समैन को गोली मारने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शुरुआती जांच में जिस घटना को आपसी रंजिश या लेन-देन का विवाद माना जा रहा था, वह जांच आगे बढ़ने पर प्रेम-प्रसंग से जुड़ी निकली। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपनी प्रेमिका के कहने पर पेट्रोल पंप के सेल्समैन को निशाना बनाया था। घटना के बाद इलाके में फैली दहशत के बीच पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले का पर्दाफाश किया।
यह वारदात अलवर के सदर थाना क्षेत्र में बुर्जा के पास स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर हुई थी। दिनदहाड़े एक युवक वहां पहुंचा और काम कर रहे सेल्समैन सचिन पर गोली चला दी। गोली उसके कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जयपुर रेफर कर दिया।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि घायल सेल्समैन सचिन एक युवती से लगातार फोन पर संपर्क करता था। यह युवती आरोपी की प्रेमिका थी। इसी बात को लेकर आरोपी के मन में नाराजगी थी। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि प्रेमिका की जानकारी मिलने के बाद उसने सचिन को सबक सिखाने की योजना बनाई और उसी के तहत फायरिंग की।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले कठूमर क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल चोरी कर अलवर पहुंचा था। पेट्रोल पंप पहुंचने के बाद उसने चुपचाप सेल्समैन सचिन की फोटो खींची और उसे अपनी प्रेमिका को भेजकर उसकी पहचान की पुष्टि कराई। जब युवती ने बताया कि यही वह युवक है जो उसे फोन करता है, तब आरोपी ने बिना देर किए उस पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल और 8 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद हथियार से ही वारदात को अंजाम दिया गया था। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं, जिस बाइक का इस्तेमाल वारदात में हुआ, उसके चोरी होने की पुष्टि भी जांच में हुई है। इस संबंध में कठूमर थाने में अलग से मामला दर्ज किया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम का विरोध किया, जिसमें उसे मामूली चोटें भी आईं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर कड़ी की जांच कर रही है।
Updated on:
12 Jul 2026 05:26 pm
Published on:
12 Jul 2026 05:19 pm
