
खेरली। सीएमएचओ अलवर डा. पंकज गुप्ता ने रविवार को कस्बा खेरली के स्थानीय थाना परिसर के सामने गली में स्थित एक निजी नर्सिंग होम में छापे की कार्रवाई की। कार्रवाई में नर्सिंग होम से प्रेगनेंसी जांच किट व दवाइयां आदि जब्त की। इस दौरान नर्सिंग होम के चिकित्सक मौके से नदारद मिले।
सीएमएचओ डा. पंकज गुप्ता गुप्ता ने बताया कि शिकायतों के आधार पर स्थानीय थाना परिसर के सामने गली में संचालित चिकित्सक डा. नंदलाल शर्मा के निजी नर्सिंग होम पर छापे की कार्रवाई की गई। नर्सिंग होम में डीएलसी व गर्भपात होना पाया गया। इस दौरान नर्सिंग होम में आठ दस बैड व दो तीन मरीज भी मिले। चिकित्सक छापे की सूचना लगते ही मौके से फरार हो गए।
सीएमएचओ ने बताया कि कार्रवाई के दौरान मौके से प्रेगनेंसी जांच किट, वैक्सीन तथा एलोपैथिक दवाइयों से भरे करीब सात कार्टून जब्त किए। निजी नर्सिंग होम में कार्रवाही कर सीएमएचओ स्थानीय राजकीय रैफरल अस्पताल पहुंचे, जहां पर ब्लॉक सीएमएचओ डा.जितेन्द्र बुन्देल व चिकित्साधिकारी डा. रामावतार बंसल, डॉ बच्चू सिंह गुर्जर व अंकित जेटली से मुलाकात की।
उन्हें रैफरल अस्पताल में चिकित्सकों की कमी के बारे में बताया गया। उन्हें बताया गया कि निकटवर्ती ग्राम जटवाडा स्थित सीएचसी में चार चिकित्सक है जबकि सीएचसी की प्रतिदिन ओपीडी महज 20 से 25 मरीजों की है। वहां से दो चिकित्सकों को खेरली राजकीय रैफरल अस्पताल में लगाने की मांग की गई।
इस दौरान चिकित्साधिकारी डा. रामावतार बंसल ने पूर्व में स्थानीय अस्पताल में सेवा दे रहे चिकिसक पीयूष तिवाडी के स्थानान्तरण के उपरान्त सरकारी आवास को खाली नहीं करने के बारे में भी बताया। इसके अलावा जर्जर अवस्था में पड़े अन्य सरकारी आवासों को दुरुस्त कराने की मांग की। इस पर सीएमएचओ ने एक पत्र लिखकर देने तथा सरकारी आवासों को जल्द ही दुरूस्त कराने का आश्वासन दिया।
डा. पंकज गुप्ता ने कहा कि निजी नर्सिंग होम पर छापे की कार्रवाई में सम्बंधित चिकित्सक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। इसके अलावा कस्बे में संचालित अन्य नर्सिंग होम पर भी जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
2 Apr 2017, 7:30 PM IST
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.