17 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मधु किन्नर हत्याकांड का मुख्य शूटर गिरफ्तार, 10 लाख की सुपारी लेकर की थी हत्या, अब पुलिस उगलवाएगी राज

Madhu Kinnar Murder Case: कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस ने मधु किन्नर हत्याकांड का खुलासा करते हुए कुख्यात शूटर पवन गुर्जर को हरियाणा-झज्जर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 25 हजार का इनाम था।

2 min read
Google source verification

अलवर

image

Arvind Rao

Oct 01, 2025

Madhu Kinnar Murder Case

Madhu Kinnar Murder Case

नीमराणा (अलवर): रीको औद्योगिक क्षेत्र में 10 सितंबर को हुई मधु किन्नर की सनसनीखेज हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया था। अब कोटपूतली-बहरोड़ जिला पुलिस ने इस मर्डर में शामिल मुख्य शूटर को गिरफ्तार कर लिया है।


पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाले कुख्यात शूटर पवन कुमार गुर्जर को हरियाणा के झज्जर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पहले से ही 25 हजार का इनाम घोषित था।


कार में बैठते ही मार दी थी गोली


बता दें कि 10 सितंबर को मधु किन्नर नीमराणा के ईपीआईपी औद्योगिक क्षेत्र में अपनी कार में बैठी थी। तभी बाइक पर आया एक नकाबपोश बदमाश पास आया और नजदीक से गोली मार दी। गोली लगते ही मधु गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।


हत्या के पीछे गुरु और चेलों की खींचतान


जांच में सामने आया कि मधु किन्नर का अपनी ही गुरु सीमा किन्नर से विवाद चल रहा था। सीमा चाहती थी कि मधु की जगह अपने अन्य चेले नरेश उर्फ सानिया उर्फ जरीना को नीमराना में स्थापित किया जाए। इसी रंजिश में साजिश रची गई।


इसके लिए नरेश उर्फ सानिया, उसके प्रेमी मोहम्मद जावेद उर्फ समीर और सीमा किन्नर ने मिलकर हरियाणा के कुख्यात शूटर पवन गुर्जर को सुपारी दी। हत्या के लिए सौदा 10 लाख रुपए में तय हुआ था।


पुलिस की तफ्तीश और पहली गिरफ्तारी


हत्याकांड के तुरंत बाद पुलिस ने इलाके की नाकाबंदी कर जांच शुरू की। शुरुआत में हत्यारे का कोई सुराग नहीं मिला, लेकिन तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और मुखबिरों की मदद से पुलिस ने धीरे-धीरे परतें खोलनी शुरू कीं।


इस दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को पहले ही पकड़ लिया था, जिनमें नरेश उर्फ सोनिया उर्फ जरीना, सीमा किन्नर और मोहम्मद जावेद उर्फ समीर शामिल हैं। इन तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।


आखिरकार शूटर पवन गुर्जर गिरफ्तार


गिरफ्तारी के लिए नीमराना के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और वृताधिकारी के सुपरविजन में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने हरियाणा तक दबिश दी और झज्जर से कुख्यात शूटर पवन गुर्जर को दबोच लिया। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए। पवन पर झज्जर सिटी थाने में पहले से ही हत्या, एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।


समाजसेवा से जुड़ी थीं मधु किन्नर


मधु किन्नर पिछले कई साल से नीमराना के माधोसिंहपुरा गांव में रह रही थीं। वे केवल किन्नरों के संगठन तक ही सीमित नहीं थीं, बल्कि समाजसेवा से भी जुड़ी थीं। वे गोशालाओं में दान देती थीं, गरीब लड़कियों की शादी और उनकी पढ़ाई में सहयोग करती थीं।


इसलिए उनकी हत्या ने समाज को झकझोर दिया। पुलिस का कहना है कि शूटर की गिरफ्तारी के बाद अब इस हत्याकांड की साजिश और मकसद पूरी तरह सामने आएंगे। आगे की पूछताछ में और कई अहम खुलासों की उम्मीद है।