
Rajasthan Assembly Elections 2023: भर्तृहरि की पावन धरा का अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस व भाजपा के बीच चुनावी जंग दिलचस्प होती दिखाई पड़ रही है। एससी वर्ग के लिए आरक्षित इस सीट से कांग्रेस ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग मंत्री टीकाराम जूली को चुनाव मैदान में उतारा है, वहीं भाजपा ने अपने दो बार विधायक रहे जयराम जाटव पर दांव खेला है। दोनों ही प्रत्याशी 2013 में भी इसी सीट से आमने-सामने हो चुके हैं, लेकिन इस बार चुनावी जंग पहले की तुलना में ज्यादा रोचक है।
स्थानीय मुद्दे हावी, प्रत्याशी कर रहे प्रदेश स्तरीय मुद्दों पर प्रचार
यहां अलग-अलग क्षेत्रों के मुद्दे भी अलग हैं, लेकिन पीने एवं सिंचाई के लिए पानी, रोजगार, उद्योग क्षेत्र की स्थापना, विकास के मुद्दे हर तरफ सुनाई पड़ते हैं। हालांकि दोनों ही प्रमुख प्रत्याशियों का जोर प्रदेश स्तरीय मुद्दों पर ज्यादा रहा है, लेकिन स्थानीय मुद्दों को टालना दोनों के लिए संभव नहीं हो पा रहा है। कांग्रेस व भाजपा के प्रत्याशी दोनों ही अपने विधायक काल में कराए कार्य लोगों को गिनवा रहे हैं, फिर भी क्षेत्र की जनता की समस्याओं का लंबी फेहरिस्त है।
विस क्षेत्र के प्रमुख मुद्दे
- अलवर ग्रामीण में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना करा लोगों को रोजगार दिलाना
- क्षेत्र में पीने एवं सिंचाई के लिए पानी की पर्याप्त व्यवस्था कराना
- महंगाई, बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था में सुधार
- क्षेत्र में अवैध खनन पर रोक लगाने
- चिकित्सा व शिक्षा व्यवस्था में सुधार
- ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, सामुदायिक भवन आदि विकास कार्य कराने
- सिंचाई के लिए दिन में थ्री फेस बिजली की सप्लाई कराने
बड़े नेताओं के प्रचार में आने का इंतजार
क्षेत्र में प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार रंगत पर आने लगा है, लेकिन कांग्रेस-भाजपा प्रत्याशियों को अपने बड़े नेताओं के क्षेत्र में सभा व रोड शो आदि का इंतजार है। दोनों ही दलों के प्रत्याशी बड़े नेताओं की सभाएं करा प्रचार के अंतिम दौर में अपने पक्ष में माहौल बनाने की तैयारी में हैं।
Published on:
15 Nov 2023 11:59 am
