8 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अलवर के टॉपर्स देखें; राजस्थान बोर्ड 10वीं का परीक्षा परिणाम जारी

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने आज 24 मार्च 2026 को 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है।

4 min read
Google source verification

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने आज 24 मार्च 2026 को 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। बोर्ड ने इस बार रिकॉर्ड समय में नतीजे जारी कर लाखों विद्यार्थियों का इंतजार खत्म किया है। राज्य सरकार के नए शैक्षणिक सत्र को 1 अप्रैल से शुरू करने के निर्देश के पालन में बोर्ड ने अपनी कार्यक्षमता का परिचय देते हुए काफी जल्दी परीक्षा परिणाम जारी किया है। इस बार 94.23 प्रतिशत परीक्षा परिणाम रहा है। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अजमेर स्थित ऑफिस से राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने रिजल्ट की घोषणा की है।

दसवीं का कुल परिणाम प्रतिशत-94.23
छात्रों का परिणाम प्रतिशत - 83.60
छात्राओं का परिणाम प्रतिशत - 94.20

अलवर जिले पर एक नजर

अलवर जिले की बात करें तो इस साल 2026 में 33 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने 10वीं बोर्ड की परीक्षा दी है। अलवर जिले में इस बार 10वीं का रिजल्ट 93.67 प्रतिशत रहा है। गोविंदगढ़ (अलवर) स्थित नव दिशा पब्लिक स्कूल की छात्रा कशिश खंडेलवाल ने 99.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। कशिश के पिता संजय खंडेलवाल और माता चांदनी खंडेलवाल हैं। छात्रा की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार और परिजनों में खुशी का माहौल है।

खैरथल के एक्सिस एकेडमी उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्र अमन ने 97.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की। अमन के पिता हेमन्त शर्मा व माता बबीता शर्मा हैं। छात्रा कुंजम मिश्रा ने 97.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की। कुंजम, संजय मिश्रा की पुत्री हैं और एंजल अकैडमी खैरथल की छात्रा है।

पिनान में टार्जन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, डोरोली के छात्र विनीत प्रजापत ने 95.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। टार्जन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, डोरोली की छात्रा हर्षिता शर्मा ने 96.67 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। हर्षिता के पिता कुलदीप कुमार शर्मा एवं माता निशा देवी है।

नवज्योति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सकट की छात्रा रितिका कमवाल ने 95.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। रितिका, नरसीराम खटीक की एवं चंदा देवी की पुत्री हैं। अलवर शहर की छात्रा सलोनी ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर परिवार और इलाके का नाम रोशन किया है। सलोनी की माता मंजू पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट में कार्यरत हैं।

कोटपूतली-बहरोड़ के नारायणुपर में राजधानी पब्लिक स्कूल के स्टूडेंट कुश सिंघल ने 99.33 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। माजरीकलां क्षेत्र के बीरनवास के छात्र लक्ष्य कुमार पुत्र जितेंद्र यादव ने 98.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर क्षेत्र में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, शिवानी स्कूल बिचपुरी के छात्र अमित पुत्र पिंटू ने 97.17 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।


पिछले साल इतना रहा था रिजल्ट

अगर पिछले साल यानी 2025 के आंकड़ों को देखें तो अलवर का प्रदर्शन काफी सराहनीय रहा था। पिछले वर्ष अलवर जिले का कुल परिणाम 94.62 प्रतिशत रहा था। इसमें लड़कियों ने बाजी मारते हुए 95.65 प्रतिशत सफलता हासिल की थी, जबकि लड़कों का परिणाम 93.68 प्रतिशत रहा था। वहीं पड़ोसी जिलों की बात करें तो कोटपूतली-बहरोड़ का रिजल्ट 96.15 प्रतिशत और खैरथल-तिजारा का रिजल्ट 94.56 प्रतिशत दर्ज किया गया था। ।

परीक्षा और मूल्यांकन के मुख्य आंकड़े

इस वर्ष राजस्थान बोर्ड की 10वीं की परीक्षाएं 12 फरवरी से शुरू होकर 28 फरवरी 2026 तक चली थीं। बोर्ड की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार इस साल प्रदेशभर में कुल 10,68,078 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इन परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए पूरे राज्य में 6,193 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।

बोर्ड ने मूल्यांकन प्रक्रिया में भी काफी तेजी दिखाई है। परीक्षा समाप्त होने के मात्र 20 दिनों के भीतर 30,915 परीक्षकों ने मिलकर 64,08,468 उत्तर पुस्तिकाओं की जांच पूरी की। अगर औसत देखा जाए तो प्रतिदिन लगभग 3,20,423 कॉपियों का मूल्यांकन किया गया, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।

अपना परिणाम ऐसे चेक करें

विद्यार्थी अपना परीक्षा परिणाम देखने के लिए नीचे दिए गए चरणों का पालन कर सकते हैं।

  1. सबसे पहले माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in पर जाएं।
  2. होमपेज पर दिए गए Main Exam Results 2026 के लिंक पर क्लिक करें।
  3. इसके बाद 10वीं कक्षा (Secondary) के परिणाम वाले लिंक का चुनाव करें।
  4. अपना रोल नंबर दर्ज करें और सबमिट बटन दबाएं।
  5. आपका परिणाम स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे आप भविष्य के लिए डाउनलोड या प्रिंट कर सकते हैं।समय पर परिणाम आने से अब छात्र बिना किसी देरी के अपनी आगे की पढ़ाई और विषय चयन की तैयारी शुरू कर सकेंगे।