6 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: 50 लाख की SUV से आए बदमाश, 7 मिनट में नोटों से भरा ATM उखाड़कर ले गए

राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले से एटीएम लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। 50 लाख की फॉर्च्यूनर से आए बदमाश महज 7 मिनट में एक्सिस बैंक का एटीएम उखाड़ ले गए। वारदात के दौरान मकान के ऊपर रह रहे लोगों को भनक तक नहीं लगी।
3 min read
Google source verification

अलवर

image

Kamal Mishra

Jul 05, 2026

ATM Loot

प्रतापसिंहपुरा स्थित एक्सिस बैंक का एटीएम (फोटो-पत्रिका)

अलवर। नीमराणा क्षेत्र के प्रतापसिंहपुरा बस स्टैंड स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम को रविवार तड़के करीब 3:30 बजे चार अज्ञात बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में निशाना बनाया। फॉर्च्यूनर में सवार होकर आए बदमाश करीब 7 मिनट में एटीएम उखाड़कर ले गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एटीएम में करीब 15 लाख रुपए की नकदी होने की संभावना है। हालांकि, वास्तविक राशि का खुलासा बैंक के रिकॉर्ड के मिलान के बाद ही हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार बदमाश औद्योगिक क्षेत्र से सटे प्रतापसिंहपुरा बस स्टैंड स्थित एटीएम पर पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी कुर्ता-पायजामा पहने तथा चेहरे पर नकाब बांधे दिखाई दे रहे हैं। बदमाश अपने साथ लोहे की भारी सब्बल (पत्थर तोड़ने में प्रयुक्त औजार) लेकर आए थे, जिसकी सहायता से उन्होंने एटीएम को उखाड़ा और वाहन में डालकर फरार हो गए। पूरी वारदात महज सात मिनट में अंजाम दी गई।

कंट्रोल रूम को मिला था सिग्नल

पुलिस के अनुसार घटना का पहला अलर्ट एक्सिस बैंक के कंट्रोल रूम में एटीएम से छेड़छाड़ का सिग्नल मिलने के बाद मिला। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश एटीएम लेकर फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली है तथा आरोपियों की तलाश में नाकाबंदी कराई गई है। लेकिन वाहन का पता नहीं चल पाया। बताया जा रहा है कि जिस भवन में एटीएम लगा हुआ था, उसके ऊपर परिवार एवं किरायेदार रह रहे थे, लेकिन पूरी वारदात के दौरान किसी को भनक तक नहीं लगी।

एसपी ने किया निरीक्षण

घटना की गंभीरता को देखते हुए कोटपूतली-बहरोड़ जिला पुलिस अधीक्षक सत्यवीर सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान एएसपी सुरेश खींची, डीएसपी चारुल गुप्ता, थानाधिकारी राजेश कुमार मीणा, एसआइ दयाराम सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

नकदी की जांच की जा रही

जिला मुख्यालय से पहुंची एफएसएल टीम ने घटनास्थल से फिंगर प्रिंट सहित अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी है। थानाधिकारी राजेश कुमार मीणा ने बताया कि घटना की रिपोर्ट एक्सिस बैंक के शाखा प्रबंधक देवेंद्र शर्मा ने दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि एटीएम को अज्ञात बदमाश उखाड़कर ले गए। एटीएम में मौजूद वास्तविक नकदी का सत्यापन बैंक अधिकारियों की ओर से किया जा रहा है।

पहले बहरोड़ में किया प्रयास, फिर नीमराणा में वारदात

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नीमराणा पहुंचने से पहले बदमाशों ने तड़के करीब तीन बजे बहरोड़ क्षेत्र में भी एक एटीएम को निशाना बनाने का प्रयास किया था। वहां सायरन बजने पर वे वारदात को अंजाम नहीं दे सके और वहां से भागकर नीमराणा पहुंचे, जहां उन्होंने प्रतापसिंहपुरा स्थित एक्सिस बैंक का एटीएम उखाड़ लिया। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर दोनों घटनाओं के तार जोड़ने का प्रयास कर रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

नीमराणा औद्योगिक क्षेत्र एवं आसपास विभिन्न बैंकों और कंपनियों के डेढ़ दर्जन से अधिक एटीएम संचालित हैं, लेकिन इनमें से अधिकांश एटीएम पर सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं हैं। क्षेत्र में पहले भी एक एटीएम लूटा जा चुका है तथा एक अन्य एटीएम लूटने का प्रयास पुलिस गश्त के कारण विफल हो गया था। लगातार हो रही घटनाओं के बाद एक बार फिर एटीएम सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।