8 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

EV Charging Station: राजस्थान में हाईवे पर मजबूत हो रहा EV चार्जिंग नेटवर्क, लंबी दूरी का सफर अब होगा आसान

EV Charging Station: चार्जिंग स्टेशनों का नेटवर्क मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे आमजन के लिए ईवी वाहनों से सफर आसान होगा।

2 min read
Google source verification

अलवर

image

Anil Prajapat

Apr 08, 2026

EV Charging Station

Photo: AI-generated

कोटपूतली। ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच छिड़ी जंग ने पेट्रोल-डीजल संकट पैदा कर दिया। खाड़ी देशों से आने वाले पेट्रोलियम पदार्थ और गैसों की सप्लाई बाधित होने से देश में भी इसका असर है। हालांकि, अभी स्थिति नियंत्रण में है लेकिन युद्ध के नहीं थमने से आगामी दिनों में संकट के बादल छाने की आशंका है। कोटपूतली-बहरोड़ जिले में सर्वाधिक ईवी वाहनों में परिवहन सेवा में ई-रिक्शा है लेकिन यह बैटरी चलित है।

जिले में इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। इसके साथ ही चार्जिंग स्टेशनों का नेटवर्क मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे आमजन के लिए ईवी वाहनों से सफर आसान होगा। लोगों का इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर रूझान बढ़ने से परिवहन विभाग की ओर से चार्जिंग स्टेशन बढ़ाने की योजना पर काम किया जा रहा है।

दो और स्टेशन जल्द शुरू किए जाने की तैयारी

शहरी क्षेत्र में करीब 6 चार्जिंग स्टेशन संचालित हैं, जबकि दो और स्टेशन जल्द शुरू किए जाने की तैयारी है। इससे ईवी उपयोगकर्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी और लंबी दूरी की यात्रा भी सुगम हो सकेगी। अभी जयपुर- दिल्ली राजमार्ग पर कोटपूतली क्षेत्र में फिलहाल चार्जिंग की सुविधा चुनिंदा स्थानों पर उपलब्ध है। जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 सहित प्रमुख मार्गों पर चार्जिंग प्वाइंट विकसित किए जा रहे हैं। एक ईवी कार को पूर्ण चार्ज होने में औसतन 45 से 50 मिनट का समय लगता है।

चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ाने का लक्ष्य

राज्य सरकार की योजना के तहत आगामी समय में जिले में चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा मिलेगा और पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता कम होगी। केन्द्र सरकार ने अक्षय ऊर्जा निगम को ई वी चार्जिंग स्टेशनों की सहूलियत उपलब्ध कराने के लिए वित्तीय सहायता मंजूर की है। इसके तहत प्रदेश में 591 चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।

शहर व हाईवे कनेक्टिविटी

नई योजना के तहत प्रदेश के प्रमुख शहरों और हाईवे पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं। जिले में भी एनएच-48 और अन्य प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त चार्जिंग सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे जयपुर-दिल्ली रूट पर आवागमन करने वाले वाहन चालकों को सुविधा मिलेगी।

इसके तहत गोरधनपुरा, आंतेला व बहरोड के आसपास निजी होटलो पर वैण्डर के माध्यम से चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए है। इसके अलावा कुछ बडे संयंत्रों में चार्जिंग स्टेशन लगाए गए है। कोटपूतली में पिछले दो साल में 929 ई वाहन पंजीकृत हुए है।

इनका कहना है

ई-वाहनों की संख्या में धीरे-धीरे बढोतरी हो रही है। इनके लिए चार्जिंग स्टेशन जरूरी है। जिससे लम्बी दूरी का सफर आसानी से तय हो सके। कोटपूतली के आसपास कुछ जगहोें पर चार्जिंग प्वाइंट है। कुछ और खोलने की तैयारी हो रही है।
सुनील कुमार सैनी, जिला परिवहन अधिकारी कोटपूतली