
रामगढ़ के विधायक और राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव जुबेर खान का शनिवार सुबह 5:50 बजे निधन हो गया। 61 वर्षीय जुबेर खान ने अलवर शहर के निकट ढाई पेडी स्थित अपने फार्म हाउस पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। जुबेर खान पिछले एक साल से बीमार चल रहे थे, जब उनका लीवर ट्रांसप्लांट हुआ था। इसके बाद से उनकी हालत में कोई खास सुधार नहीं हुआ और उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई।
उनके जनाजे को आज असर की नमाज के बाद, शाम 5 बजे अलवर के रामगढ़ में गैस गोदाम के पास सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। उनके परिवार और समर्थकों के लिए यह एक बड़ा नुकसान है, वहीं कांग्रेस पार्टी में भी शोक का माहौल है। जुबेर खान अपने सादगीपूर्ण व्यक्तित्व और समाजसेवा के लिए जाने जाते थे। उनके राजनीतिक जीवन और सामाजिक कार्यों ने उन्हें क्षेत्र में एक सम्मानित नेता के रूप में स्थापित किया।
सफिया जुबेर खान ने सोशल मीडिया पर शोक की जानकारी देते हुए लिखा है कि ‘आप सभी को दुःख के साथ सूचित करना पड़ रहा है आदरणीय जुबेर ख़ान जी का इंतक़ाल हो गया है, जुबेर जी ने आज (14 सितंबर 2024) को प्रातः 5:50 बजे अंतिम सांस ली।’
बता दें जुबेर खान 1990, 1993 और 2003 में कांग्रेस के टिकट पर विधायक रहे। 1998, 2008 और 2013 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े, लेकिन बीजेपी के ज्ञानदेव आहूजा ने उन्हें हराया। इसके बाद पार्टी ने 2018 में उनकी पत्नी साफिया जुबेर को टिकट दिया। जिन्होंने बीजेपी प्रत्याशी सुखवंत सिंह को 12 हजार से ज्यादा वोटों से हराया। जुबेर खान ने 2023 के विधानसभा चुनाव में अलवर जिले की रामगढ़ सीट से बीजेपी उम्मीदवार जय आहूजा को 19696 मतों से हराकर जीत दर्ज की थी।
Updated on:
14 Sept 2024 11:38 am
Published on:
14 Sept 2024 11:26 am
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
