31 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बानसूर की तनीषा राठौड़ ने 99.40% अंक प्राप्त कर रचा इतिहास

RBSE 12th Result 2026 राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) के लाखों विद्यार्थियों का इंतजार आज खत्म हो गया है।

4 min read
Google source verification

तनीषा ने 99.40% अंक प्राप्त किए (फोटो - पत्रिका)

RBSE 12th Result 2026 राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) के लाखों विद्यार्थियों का इंतजार आज खत्म हो गया है। बोर्ड ने मंगलवार सुबह 10 बजे कक्षा 12वीं के कला (Arts), वाणिज्य (Commerce) और विज्ञान (Science) संकाय का परिणाम एक साथ जारी कर दिया है।

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने उदयपुर में आधिकारिक वेबसाइट पर बटन दबाकर नतीजों की घोषणा की। इस अवसर पर अजमेर बोर्ड मुख्यालय से बोर्ड प्रशासक एवं संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़, सचिव गजेंद्र सिंह और विशेषाधिकारी नीतू यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े रहे।

पहली बार बना यह खास रिकॉर्ड

राजस्थान बोर्ड के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब 10वीं बोर्ड के नतीजों के बाद 12वीं का परिणाम घोषित किया गया है। आमतौर पर बोर्ड पहले 12वीं और उसके बाद 10वीं के परिणाम जारी करता रहा है, लेकिन इस बार बोर्ड ने अपनी परंपरा बदलते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

अलवर जिले के परिणाम पर एक नजर

अलवर जिले में बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। जिले में कुल 28,646 विद्यार्थियों का परिणाम जारी किया गया। विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है।

बानसूर के एसएमएस विद्यालय की तनीषा राठौड़ ने कला वर्ग में 99.40 प्रतिशत अंक हासिल कर शानदार सफलता पाई।अरावली उच्च माध्यमिक विद्यालय, रामगढ़ की छात्रा मनीषा ने विज्ञान वर्ग में 96.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं विवेकानंद उच्च माध्यमिक विद्यालय, बीबीरानी (खैरथल-तिजारा) के अनुज कुमार ने भी 96.80 प्रतिशत अंक हासिल किए।

अमर ज्योति सीनियर सेकेंडरी स्कूल की लक्ष्मी ने कला संकाय में 95.20 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि टीवीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल, थानागाजी की पलक शर्मा ने विज्ञान वर्ग में 95.60 प्रतिशत अंक अर्जित किए।

ओसवाल जैन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की महक गुप्ता ने विज्ञान संकाय में 98.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसी स्कूल के मनन सैनी ने 98.40 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जिनके पिता बाइक मैकेनिक हैं। राहुल गुप्ता ने 98 प्रतिशत और कार्तिक गुप्ता ने 97.40 प्रतिशत अंक अर्जित कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

हरसौली में एक्सिस एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्रतिभा ने विज्ञान वर्ग में 97.40 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।

बानसूर की तनीषा राठौड़ व मोनिका ने किया नाम रोशन

बानसूर कस्बे की सरस्वती मॉडर्न स्कूल की छात्रा तनीषा राठौड़ ने कला वर्ग में 99.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। तनीषा गांव नवलपुरा में अपने मामा वीरभद्र सिंह के पास रहकर पढ़ाई कर रही है। मामा किसान हैं और मौसी दिव्यांग है, जिनकी सेवा तनीषा स्वयं करती है। वह प्रतिदिन बस से स्कूल आकर पढ़ाई करती रही। घरेलू जिम्मेदारियों के बावजूद तनीषा ने यह सफलता हासिल कर परिवार का नाम रोशन किया। तनीषा ने कहा कि घर में पढ़ाई का माहौल नहीं है। स्कूल में प्रतिदिन उपस्थिति ने ही यह सफलता दिलाई है और भविष्य में यूपीएससी की तैयारी करने की बात कही। सूचना मिलने पर विद्यालय के निदेशक शशिकांत बोहरा, प्रधानाचार्य धर्मपाल सिंह, बलबीर सिंह यादव, प्रवेश बोहरा, जितेंद्र शर्मा, पीटीआई राजकुमार ने घर पहुंच कर छात्रा को मिठाई खिलाकर बधाई दी और सम्मानित किया।

वहीं बानसूर की ही छात्रा मोनिका ने बोर्ड परीक्षा में विज्ञान वर्ग में 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मोनिका के पिता सुरेंद्र यादव भारतीय सेना में कार्यरत हैं।


पिछले साल का परिणाम

अलवर जिले की बात करें तो यहां कुल 28,646 विद्यार्थियों का परिणाम जारी किया गया है। जिले के छात्र-छात्राओं में नतीजों को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। पिछले कुछ वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो परिणाम काफी सकारात्मक रहे हैं:

वर्ष 2025: साइंस (98.37%), कॉमर्स (99.19%), आर्ट्स (97.52%)
वर्ष 2024: साइंस (97.07%), कॉमर्स (96.81%), आर्ट्स (96.79%)

स्टेप-बाय-स्टेप: ऐसे चेक करें अपना डिजिटल स्कोरकार्ड

विद्यार्थी नीचे दिए गए आसान चरणों का पालन कर अपना परिणाम देख सकते हैं:

  1. वेबसाइट पर जाएं: सबसे पहले बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in पर लॉगइन करें।
  2. लिंक चुनें: होमपेज पर मौजूद "Examination Results 2026" के लिंक पर क्लिक करें।
  3. विवरण दर्ज करें: अपने संबंधित संकाय (Arts/Science/Commerce) का चयन करें और अपना रोल नंबर भरें।
  4. सबमिट करें: 'Submit' बटन दबाते ही आपकी मार्कशीट स्क्रीन पर प्रदर्शित हो जाएगी।
  5. सेव करें: भविष्य के संदर्भ के लिए रिजल्ट का प्रिंटआउट लें या डिजिटल कॉपी सेव कर लें।