
राजगढ़-महुवा रोड (फोटो - पत्रिका)
राजस्थान के सड़क तंत्र को मजबूती देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए पीडब्ल्यूडी नेशनल हाईवे विंग ने राजगढ़ से महुवा तक के 50 किलोमीटर लंबे मार्ग को फोरलेन बनाने की तैयारी पूरी कर ली है। वर्तमान में यह मार्ग टू-लेन है, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए विभाग ने 486 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है और इसके लिए टेंडर भी आमंत्रित कर दिए गए हैं। आगामी 7 अप्रैल को टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद करीब दो माह के भीतर वर्क ऑर्डर जारी कर दिए जाएंगे, जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि जून या जुलाई के महीने में इस मार्ग पर निर्माण कार्य धरातल पर शुरू हो जाएगा।
इस फोरलेन परियोजना के पूरा होने से सबसे बड़ा लाभ धार्मिक पर्यटन को मिलेगा। महुवा से मेहंदीपुर बालाजी की दूरी मात्र 15 किलोमीटर रह जाती है, ऐसे में अलवर की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बालाजी धाम तक पहुंचना बेहद सरल हो जाएगा। वर्तमान स्थिति की बात करें तो राजगढ़ और महुवा के बीच पिछले तीन वर्षों में यातायात का दबाव काफी बढ़ गया है।
सड़क कई जगह से जर्जर होने और चौड़ाई कम होने के कारण 50 किलोमीटर की इस छोटी सी दूरी को तय करने में वाहन चालकों को करीब दो घंटे का समय लग रहा है। इस मार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाएं भी स्थानीय लोगों और प्रशासन के लिए चिंता का विषय बनी हुई थीं, जिसके चलते लंबे समय से इसे फोरलेन बनाने की मांग की जा रही थी।
राज्य सरकार की मंजूरी मिलने के बाद पीडब्ल्यूडी एनएच ने इसकी विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की और इसके लिए आवश्यक भूमि का अधिग्रहण भी कर लिया गया है। विभागीय अनुमान के अनुसार, काम शुरू होने के एक वर्ष के भीतर फोरलेन तैयार हो जाएगा।
सड़क चौड़ी होने के बाद राजगढ़ से महुवा की दूरी मात्र 45 मिनट में तय की जा सकेगी, जिससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि वाहनों की रफ्तार बढ़ने से ईंधन की खपत में भी कमी आएगी। यह मार्ग अलवर और दौसा जिले के बीच व्यापारिक और सामाजिक संबंधों को भी नई मजबूती प्रदान करेगा और स्थानीय निवासियों को जर्जर सड़क से होने वाली परेशानियों से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी।
राजगढ़ से महुआ तक फोरलेन बनेगा, जिसके टेंडर लगा दिए गए हैं। यह निविदा 7 अप्रेल को खुलेगी। वर्कऑर्डर जारी होने में एक से दो माह और लगेंगे - वेद प्रकाश शर्मा, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी एनएच जयपुर
Updated on:
26 Mar 2026 11:30 am
Published on:
26 Mar 2026 11:29 am
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
